
जालौन. जनपद के ग्राम छानी में एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। साथ ही शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है, वहीं घटना के बाद से महिला फरार चल रही है।
घटना जालौन कोतवाली क्षेत्र के छानी ग्राम की है। इस गाँव के रहने वाले मिथुन का अपनी पत्नी ज्योति से विवाद चल रहा था और वह 15 दिन पहले ही मायके से घर आई थी। शाम को मिथुन की पत्नी ज्योति का प्रेमी आया। जब पति ने यह देखा तो देर रात में इसी बात को लेकर पत्नी लड़ने लगा। लेकिन इसी बीच पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर मिथुन की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। हत्या करने के बाद महिला का प्रेमी साथियों के साथ भाग गया।
सुबह जब घर के लोग उठे और उन्होंने मिथुन को मृत अवस्था में देखा, तो उनके होश उड़ गए। इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। म़तक के दादा का कहना है कि मिथुन का पत्नी ज्योति से विवाद चल रहा था और उसकी पत्नी साथ नहीं रहना चाहती थी, इसीलिये उसने अपने प्रेमी को बुलवाकर हत्या करा दी।
वहीं इस मामले में जांच करने पहुंचे सीओ जालौन संजय शर्मा ने बताया कि पत्नी ने बताया था कि आत्महत्या की है, लेकिन मृतक के परिजनों ने शिकायत की है कि पत्नी ने अपने 4 साथियों के साथ मिलकर हत्या की है। जांच की जा रही है उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।