जालोर. विधायक में स्वाइन फ्लू की पुष्टि के बाद जालोर में हड़कम्प मच चुका है। वे हाल ही में जालोर महोत्सव में भाग ले चुकी हैं, जिसमें कई प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी व स्थानीय राजनेता भी सम्मिलित हुए थे। महोत्सव के दौरान वक्तव्य एवं मंच साझा करते समय कई लोग उनके सम्पर्क में आए।
स्वाइन फ्लू की पुष्टि के बाद उनमें हड़कम्प मच गया है।हो सकता है उस समय विधायक स्वाइन फ्लू से पीडि़त न हो, लेकिन स्क्रीनिंग किए बगैर इसकी पुष्टि भी नहीं हो सकती। इसलिए कि विधायक के पति जांच रिपोर्ट में स्वाइन फ्लू की पॉजीटिव रिपोर्ट आने की पुष्टि करते हुए बता चुके हैं कि वे गत आठ-दस दिनों से बीमार थीं।उल्लेखनीय है कि स्वाइन फ्लू से बचाव एवं फैलाव रोकने के लिए रोगी के सम्पर्क में आने वाले लोगों की भी स्क्रीनिंग करनी होती है।
महिला की हो चुकी है मौत
जालोर के समीप चांदणा गांव निवासी महिला की स्वाइन फ्लू की चपेट में आकर मौत हो चुकी है।महिला को जोधपुर में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उसका दम टूट गया।बाद में दो दिन तक गांव में चिकित्सकीय सर्वे भी चलाया गया।लेकिन, चिकित्सा विभाग ने इसके अलावा कुछ नहीं किया।
उजागर हो रही तंत्र की नाकामी
महत्वपूर्ण लोग ही जब स्वाइन फ्लू की चपेट में आ रहे हैं तो आम लोगों की भगवान ही मालिक है।अस्पतालों में जांच एवं उपचार के समुचित प्रबंध नहीं होने से स्वाइन फ्लू के मामले बढ़ रहे हैं। उल्लेखनीय है कि स्वाइन फ्लू की चपेट में आने के बाद मांडलगढ़ विधायक का भी निधन हो चुका है। इसक बाद जालोर विधायक में स्वाइन फ्लू की पुष्टि होना सरकारी तंत्र की नाकामियां ही उजागर करती है।
व्यवस्थाएं करी है...
स्वाइन फ्लू की जांच एवं उपचार के समुचित प्रबंध कर रखे हैं। जिला अस्पताल में सैम्पल लेने की व्यवस्था भी है। दवाइयां पर्याप्त मात्रा है। वैसे इम्यूनिटी पॉवर मजबूत हो तो सम्पर्क मेें आने के बाद भी बचाव हो जाता है। फिर भी शहर में स्क्रीनिंग करवाएंगे।
- डॉ.बीएल बिश्नोई, सीएमएचओ, जालोर