
सांचौर. शहर में किराणा व्यापारियों की ओर से खाद्य वस्तुओं के दाम निर्धारित दर से अधिक लेने की शिकायत के मामले की जांच को लेकर रविवार को रसद विभाग की टीम सांचौर पहुंची। प्रवर्तन निरीक्षक जितेन्द्रसिंह अजीत ने मामले की जांच कर किराणा व्यापारियों को वस्तुओं के दाम एमआरपी के अनुसार ही लेने की हिदायत दी। उन्होंनेे शहर में किराणा की दुकानों का निरीक्षण किया व उपभोक्ताओं से जानकारी जुटाई। इसके बाद नेहरू कॉलोनी में किराणा व्यापारियों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि कोई भी दुकानदार खाद्य वस्तुओं के निर्धारित दाम से अधिक राशि वसूल नहीं करंे। शक्कर, गुड़, आटा, चीनी, चाय सहित अन्य सामान की खरीददारी में शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि ब्लॉक स्तर पर सतर्कता टीम का भी गठन किया गया है। जिसमें किराणा के सामान का रेट से ज्यादा पैसे लेने पर नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि फिलहाल किसी प्रकार की स्टॉक की कमी नहीं है। बाजार में पूर्ण रूप से खाद्य सामग्री का स्टॉक उपलब्ध है। इस मौके किराणा व्यापार संघ के अध्यक्ष मोहनलाल मालू, सुरेश माहेश्वरी, भूपत खत्री, जुगल माहेश्वरी, दुर्गाशंकर पनपालिया, बाबूलाल जैन, जितेन्द्र खत्री, नरपत शर्मा, मांगीलाल, राशन डीलर संघ के जिला उपाध्यक्ष विष्णुदास वैष्णव, हस्तीमल त्रिवेदी, राशन डीलर संघ के उपशाखा सचिव पूराराम चौधरी मौजूद थे।
Published on:
14 Nov 2016 11:02 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
