नेशनल कांफ्रेंस के विधायक जावेद अहमद राणा ने तो राष्ट्रीय ध्वज का अपमान करते हुए कहा कि अगर राज्य से 35ए को छेड़ा गया और धारा-370 को हटाने का प्रयास किया गया, तो जम्मू-कश्मीर में हिंदुस्तान के झंडे का नामोनिशान नहीं रहेगा। राणा मंगलवार को मेंढर के गांव छूंगा में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस बीच प्रदेश के व्यापारियों, विनिर्माताओं, उद्योगपतियों, होटल मालिकों और पर्यटन व वाणिकी क्षेत्र से जुड़े लोगों के प्रतिनिधियों ने एक मीडिया सम्मेलन में हिस्सा लिया और सर्वोच्च न्यायालय से अनुच्छेद के प्रावधानों की वैधता को चुनौती देने वाली याचिकाओं को खारिज करने की अपील की । उन्होंने कहा कि अनुच्छेद 35ए को चुनौती देने से कश्मीर में अशांति का माहौल पैदा हो गया है और इस संवैधानिक प्रावधान में किसी प्रकार की हेराफेरी करना अनर्थकारी होगा ।