
70 लाख रुपए की फिरौती का मैसेज पढ़कर कंपनी के मैनेजर के फूले हाथ-पांव, पुलिस में रिपोर्ट लिखाने के बाद ये हुआ...
जांजगीर-चांपा. मुलमुला थानांतर्गत आरसमेटा स्थित न्यूवोको विस्टास कंपनी के सीनियर मैनेजर से 70 लाख रुपए की फिरौती मांगने वाले सिरफिरे युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी नौकरी नहीं लगने से क्षुब्ध था और कंपनी के सीनियर मैनेजर की मोबाइल में मैसेज कर फिरौती की मांग कर बैठा। उक्त रकम नहीं देने पर अंजाम भुगतने की धमकी दे डाला। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल दाखिल कर दिया है।
मुलमुला पुलिस के मुताबिक न्यूवोको विस्टास कंपनी के सीनियर मैनेजर संजय द्विवेदी पिता बांके बिहारी की मोबाइल में 9 अगस्त को मैसेज आया कि 70 लाख रुपए लेकर कंपनी के मोड़ के पास आना, वहां मेरा आदमी तैनात रहेगा, नहीं आओगे तो अंजाम बहुत बड़ा होगा। वहीं कंपनी को इससे करोड़ो रुपए का नुकसान भी उठाना पड़ेगा।
धमकी भरा मैसेज मिलने से मैनेजर के हाथ-पांव फूल गए। उसने घटना की रिपोर्ट तुरंत मुलमुला थाने में दर्ज कराई। पुलिस ने तुरंत मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 384, 66 क आईटी एक्ट के तहत जुर्म दर्ज कर जांच में जुट गई। मैनेजर की मोबाइल को अपने कब्जे में लिया और जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान पता चला कि उक्त सिम पतईडीह बिलासपुर निवासी सुरेंद्र टंडन पिता हीरालाल का है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया।
पूछताछ करने पर सुरेंद्र टंडन ने बताया कि चिल्हाटी खदान में नौकरी की मांग कर रहा था। नौकरी नहीं लगने पर वह क्षुब्ध था। इसके चलते उसने मैनेजर को धमकी दिया था। धमकी देने के बाद वह सिम को नदी में फेंक दिया था। इसके अलावा उसने पूरी बात पुलिस के सामने बयां कर दी। पुलिस ने उसकी मोबाइल को जब्त कर लिया है। आरोपी को पुलिस ने धारा 384, 66 क आईटी एक्ट के तहत जुर्म दर्ज कर 14 अगस्त को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में भेज दिया है।
Published on:
16 Aug 2018 02:13 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
