
जैजैपुर ब्लाक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुरेन्द्र भार्गव
जांजगीर-चांपा. नेता अपने माता पिता का जन्म दिवस मनाएं या न मनाएं, लेकिन अपने आकाओं का जन्म दिवस मनाने के लिए पूरी जान जरूर फूंक देते हैं।
हद तो तब हो जाती है जब ऐसे नेता आंख मूंदकर नियम कानून को भी ताक में रख देते हैं। कुछ ऐसा ही मामला जैजैपुर ब्लाक के हसौद स्कूल में सामने आया है। जिसमें जैजैपुर ब्लाक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुरेन्द्र भार्गव ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष भूपेश बघेल के जन्म दिवस पर कॉपी- पेन वितरण के बहाने उन्नयन प्राथमिक शाला हसौद के ब्लेक बोर्ड के उपर कांग्रेस का फ्लेक्सी टांगकर बाकायदा एक घंटे भाषण दिया और कांग्रेस के पक्ष में प्रचार प्रसार भी कर डाले। इस दौरान दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में बतौर सहयोग छात्रों को एक-एक कापी पेन प्रदान किया।
दरअसल गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल का जन्म दिवस था। पूरे प्रदेश के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भूपेश बघेल का जन्म दिन उत्साह से जरूर मनाया, लेकिन नियम कानून की धज्जियां भी जमकर उड़ाई। कुछ इसी तरह के कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जैजैपुर अध्यक्ष सुरेन्द्र भार्गव के नेतृत्व में ग्राम हसौद के छात्र छात्राओं को छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भूपेश बघेल के जन्म दिवस पर कांग्रेसियों के द्वारा कापी व पेन वितरण कर जन्म दिवस मनाया गया। इस अवसर पर सुरेंद्र भार्गव ने बच्चों के उत्साह के लिए कापी पेन का वितरण किया।
कांग्रेस के तमाम नेताओं ने स्कूल में पहुंचकर उन मासूम बच्चों के बीच न केवल कांग्रेस की नीतियों का बखान किया बल्कि सबसे पहले ब्लेक बोर्ड के उपर कांग्रेस की फ्लेक्सी लटकाया। जिसमें राहुल गांधी और सोनिया गांधी की बड़ी-बड़ी तस्वीर छपी थी। कांग्रेस के इस कार्यक्रम के लिए हेडमास्टर ने मौखिक अनुमति दी थी और वे बीएलओ के काम से बाहर निकल गए थे। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्कूल के बच्चों के साथ क्या-क्या किया उन्हें पता नहीं है।
नेता ने कहा यहां ऐसी परंपरा है
इस संबंध में पत्रिका ने शनिवार की सुबह ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जैजैपुर के अध्यक्ष सुरेन्द्र भार्गव से बात की तब उनका कहना था कि क्षेत्र में इस तरह की परंपरा चलती है। यह कोई नई बात नहीं है। वे जन सहयोग के बहाने कुछ इस तरह के कार्यक्रम का आयोजन करते रहते हैं। इस तरह के कार्यक्रम के लिए हेडमास्टर से अनुमति के संबंध में कहा कि उनसे अनुमति ली थी और हेडमास्टर ने उन्हें अनुमति दी थी, तभी वे कार्यक्रम का आयोजन किया था।
-शासकीय स्कूल में इस तरह नेताओं का फ्लेक्सी लगाकर राजनीतिक कार्यक्रम का आयोजन करना गलत है। मामले की जांच कराएंगे और जांच के बाद हेडमास्टर के खिलाफ कार्रवाई करेंगे।
-आरएन हीराधर, डीईओ सक्ती शैक्षणिक जिला
-कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेशाध्यक्ष के जन्म दिन पर कापी पेन वितरण के लिए अनुमति हेडमास्टर से ली थी। हेडमास्टर ने उन्हें अनुमति देकर बीएलओ ड्यूटी में चले गए थे। ब्लेक बोर्ड के उपर फ्लेक्सी लगाए थे इसकी जानकारी नहीं थी।
-भुनेश्वर सिंह सिदार, प्रभारी प्रधान पाठक
Published on:
25 Aug 2018 04:17 pm
बड़ी खबरें
View Allजांजगीर चंपा
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
