
CG News: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में इस वर्ष मार्च में ही शहर भट्टी की तरह तपने लगा है। अप्रैल के पूर्व गर्मी अपने तेवर दिखाने लगी है। इससे तापमान का पारा 40 डिग्री के करीब पहुंचने लगा है। इससे जनजीवन में हलाकान दिखाई देने लगा है। लोग गर्मी से बचाव के साधन अपनाने लगे हैं। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आगे बूंदाबांदी के आसार है।
इस बार मार्च माह से ही लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। मार्च लगते ही तापमान लगातार में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। पिछले सप्ताह में तापमान 32 डिग्री पर था अब तापमान 40 डिग्री के करीब पहुंच गया। एक दिन पहले तो 41 डिग्री पर था। गर्मी के तेवर देख लोग दोपहरी में घरों से निकलने से पहले सोचने के लिए मजबूर हो गए हैं।
दोपहर के समय ज्यादातर लोग घरों में ही कूलर की हवा में रहना पसंद कर रहे हैं। बगैर गमछे के दोपहर को धूप में निकलने वालों का चेहरा झुलस रहा है। मौसम विभाग की मानें तो अप्रैल माह से गर्मी और बढ़ेगी। दोपहर को सड़कों के साथ हाट बाजारों में भी वीरानी छाने लगी है। नेशनल हाइवे के साथ सड़कों और गलियों में भी दोपहर में सन्नाटा पसरा रहता है।
मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक एचपी चंद्रा का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण एक बार मौसम में बदलाव होगा। उत्तरी में तेज बारिश होगी। लेकिन जांजगीर-चांपा व कोरबा, रायगढ़ जिले में हल्की बारिश होने संभावना है। 19 मार्च को आसमान साफ रहेगा। हवा चल सकती है। अगले दिन 20 मार्च को गरज चमक के साथ बौछारे पड़ने की संभावना है। 23 मार्च तक बूंदाबांदी का दौर चलने की संभावना है। इस दौरान दो दिन गर्मी से राहत मिलेगी।
लोग घर-दुकानों में कूलर-पंखों से राहत पाते दिखे। उधर गर्मी बढ़ने के साथ ही ठंडाई की सामग्री व पेय पदार्थों की मांग बढ़ने लगी है। वहीं शहर में सजी मटका दुकानों पर देशी फ्रिज की लोग खरीदी करते नजर आ रहे हैं। गर्मी बढ़ने से जहां दिन के समय बाजरों व मुख्य मार्गों पर आवाजाही कम नजर आ रही हैं, तो गली-मोहल्लों व कॉलोनियों में सन्नाटा पसरने लगा है।
दिन के समय यात्री बसों में लोग सफर करने से बचने लगे हैं। जरूरी सामानों की खरीदी के लिए ही लोग घरों से बाहर निकल रहे हैं। गर्मी बढ़ने के कारण फुटपाथियों को भी मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है। मेहनतकश मजदूर पसीने से तरबतर हो रहे हैं। दिन में तेज धूप और गर्म हवा के चलते सड़कों पर आवाजाही कम नजर आई। इस दौरान अधिकतम तापमान 39.4 और न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री रहा।
Published on:
18 Mar 2025 11:19 am
बड़ी खबरें
View Allजांजगीर चंपा
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
