
शराब के नशे में चला रहे थे डायल 112 वेन, दो आरक्षक सस्पेंड, चालक नौकरी से बाहर
जांजगीर-चांपा. शराब के नशे में डायल 112 वेन चलाना दो आरक्षकों व चालक को महंगा पड़ गया। शिकायत पर एसपी आरएन दास ने दोनों आरक्षकों को सस्पेंड कर दिया है। वहीं चालक को नौकरी से बाहर निकाल दिया है। दरअसल वाहन चालक व आरक्षक सोमवार की रात शराब के नशे में टुन्न थे और उनकी अनियंत्रित वेन एक मीडियाकर्मी की बाइक को टक्कर मार दी, जिससे मीडियाकर्मी को सामान्य चोटें आई थी और उनकी बाइक क्षतिग्रस्त हो गया था। मौके पर मौजूद लोगों ने मामले की शिकायत रात को ही एसपी से की थी। एसपी ने मामले को गंभीरता से लिया और दो आरक्षक नन्हूं उरांव व मनोज कुमार कंवर को सस्पेंड कर दिया। वहीं वाहन चालक खगेंद्र कुमार को नौकरी से निकाल दिया है।
ज्ञात हो कि सोमवार की रात को मीडियाकर्मी आशीष तिवारी अपने सहकर्मियों के साथ काम से वापस लौटते वक्त मेट्रो सिनेमा के पास पहुंचे थे, तभी पीछे से आ रही डायल 112 वेन के चालक ने वाहन चालक आशीष तिवारी को अपनी चपेट में ले लिया। इससे आशीष तिवारी बाइक समेत दूर छिटककर गिर पड़ा। उसे सामान्य चोटें आई है। वहीं उनकी बाइक क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना के बाद वेन चालक व उसमें सवार आरक्षक मौके पर रुके जरूर पर उनकी हालत बदहवास की थी। सभी कर्मचारी शराब की नशे में चूर थे। इतना ही नहीं वे उल्टे मीडियाकर्मियों से बदतमीजी करने लगे। वहां मौजूद लोगों ने मामले की सूचना एसपी राजेंद्र नारायण दास से की। एसपी ने मामले को गंभीरता से लिया और तुरंत तीनों लोगों का डॉक्टरी मुलाहिजा कराया। इससे उनके शराब पीने की पुष्टि हो गई। जिस पर एसपी ने आरक्षक नन्हूं उरांव व मनोज कुमार कंवर को सस्पेंड कर दिया। वहीं वाहन चालक खगेंद्र कुमार को उनके मैनेजर से शिकायत कर उसे नौकरी से निकाल दिया है।
Updated on:
29 Jan 2019 12:50 pm
Published on:
29 Jan 2019 12:50 pm
