
शिकायत खुद मृत व्यक्तियों के परिजनों ने एसडीएम पामगढ़ से की
जांजगीर-चांपा. पामगढ़ क्षेत्र के ग्राम मुड़पार में मृत व्यक्तियों का राशन उठाव किया जा रहा है। यहां स्वर्ग सिधार चुके लोग भी नियमित राशन का उठाव करने मुड़पार सोसायटी पहुंचते हैं।
वजह चाहे जो भी हो लेकिन यहां के सोसायटी का सेल्समेन हर माह आधा दर्जन मृत व्यक्ति का राशन खुराक खुद डकार रहा है। इसकी शिकायत खुद मृत व्यक्तियों के परिजनों ने एसडीएम पामगढ़ से की है। इधर खाद्य विभाग के अफसरों का कहना है कि विकास यात्रा के बाद शिकायत जांच करेंगे और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पामगढ़ ब्लाक के मुड़पार सोसायटी का संचालक पर मृतकों के नाम का राशन उठाव का गंभीर आरोप लगा है। यहां का सेल्समेन एक नहीं दो नहीं बल्कि कई मृतकों का राशिन सालों से उठाव कर डकार रहा है। हद तो तब हो गई जब राशन उठाव की प्रक्रिया ऑनलाइन हो रही है और व ऑफ लाइन में भी राशन उठावकर सरकार की खाद्यन्न योजना का बंदरबांट करने कोई कसर नहीं छोड़ रहा है।
मृतक के परिजनों को इस बात की सूचना लगने पर उन्होंने मामले की शिकायत एसडीएम से की है। शिकायतकर्ता कृष्ण कुमार यादव, नागेश्वर, ज्योति, गुलाब सहित अन्य लोगों का आरोप है कि सुखनंदन पिता कनकराम सतनामी मृतकों के नाम माह फरवरी से राशन का उठाव कर रहा है।
मृतक उदेराम पिता झिंगूट, गुहाराम, घनाराम का ऑफ लाइन फोटो खींचकर राशन सामाग्री का उठाव कर रहा है। उन्होंने बताया कि उदेराम की मृत्यु 11 जनवरी को हो चुकी है। गुहाराम और घनाराम की मृत्यु दो साल पहले हो चुकी है। इसी तरह सोना बाई की मौत हो चुकी है, लेकिन इनके नाम का राशन नियमित उठाव हो रहा है। इन मामलों को लेकर मृतक के परिजनों ने एसडीएम से शिकायत की है। शिकायत के बाद भी आरोपियों के खिलाफ किसी तरह की कार्रवाई नहीं हो रही है। जिसके चलते ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।
इन दिनों व्यस्तता बढ़ गई
विकास यात्रा के कारण इन दिनों व्यस्तता बढ़ गई है। विकास यात्रा के बाद मामले की जांच की जाएगी और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
-ज्योति मिश्रा, फूड इंस्पेक्टर, पामगढ़
Published on:
30 May 2018, 5:12 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.