
जांजगीर-चांपा. जिले के मालखरौदा थानांतर्गत ग्राम चरौदी के एक बिजली खंभा को ठोंकना ट्रक चालक को महंगा पड़ गया। ग्रामीणों ने ट्रक को घेर लिया और थाने ले आए, फिर वहां मानमनौव्वल के बीच ग्रामीणों को नुकसानी व बिजली विभाग को खंभे के एवज में भारी भरकम राशि भुगतान करना पड़ा। साथ ही थाने में भी रसीद कटवानी पड़ी है।
मालखरौदा थाने के सामने सोमवार सुबह से तीन ट्रकें खड़ी थी। लोग कौतुहलवश व घटना-दुघर्टना की आशंका से रूककर देखने लगे, लेकिन चार घंटे बाद भी ट्रकें खड़ी रही और कुछ लोगों का थाने के भीतर आना-जाना लगा रहा। इससे मामला लोगों को संदिग्ध लगा, लेकिन जब मामले का खुलासा हुआ लोगों ने राहत की सांसे ली।
पुलिस के अनुसार रायपुर की ट्रकें धनबाद जा रही थी। बताया जा रहा है कि ट्रकें ओवरलोड थी और ग्राम चरौदी पहुंचने पर ड्रायवर का संतुलन बिगड़ गया, जिससे ट्रक बिजली खंभे से जा टकराया। इससे खंभा छतिग्रस्त हो गया और आसपास के लोगों के घरों के बिजली कनेक्शन टूट गया। इसके बाद ग्रामीणों ने ट्रक चालक को घेर लिया। थाने में मामले को लेकर चार घंटे तक बवाल होता रहा, जिसमें ग्राम के उपसरपंच की भूमिका रही। ट्रक चालक को बिजली विभाग को 10500 रुपए व ग्रामीणों को 14500 रुपए देना पड़ा और पुलिस को 600 रुपए जुर्माना भरना पड़ा।