जांजगीर-चांपा. अकतलरा ब्लॉक का परसाही बाना गांव। यहां जय विश्वेश्वरी महिला समिति का डंका बजता है। क्या मजाल कि गांव का कोई शख्स महिलाओं की बिना अनुमति बगैर नशाखोरी कर दे। जब पूरा गांव सो जाता है तब गांव की महिलाएं अपना घर-द्वार छोड़ हाथ में लाठी लेकर सिर में सफेद टोपी पहन सुरक्षा की कमान थामे गांव का भ्रमण करती हैं। इस दौरान कोई नशा करते मिल जाए तो समझो उसकी खैर नहीं। गांव में सुरक्षा की कमान महिलाएं आज से नहीं बल्कि बीते एक डेढ़ सालों से थामी हुई हैं।