
स्कूल भवन
बलौदा-पहरिया. बलौदा विकासखंड के ग्राम पंचायत कंडरा में स्कूल भवन के लिए राशि तो निकाल लिए थे, लेकिन सरपंच व सचिव निर्माण नहीं करा रहे थे। इससे संबंधित खबर पत्रिका में प्रकाशित होने के बाद सोमवार से निर्माण प्रारंभ हुआ है। स्कूल भवन के निर्माण कार्य प्रारंभ होने से ग्रामीणों में हर्ष है। ग्राम कंडरा में नए स्कूल भवन बनाने पंचायत को 12.36 लाख रुपए खनिज न्यास मद से मिले हैं।
इसके निर्माण के लिए ग्राम की पूर्व सरपंच ने सचिव के साथ मिलकर 4.96 लाख रुपए एक ठेकेदार के नाम राशि जारी कर दिया था। छह माह बाद भी ठेकेदार कार्य प्रारंभ नहीं कर रहा था। वहीं प्रारंभ में ही ठेकेदार द्वारा स्कूल परिसर में गड्ढा खुदवाकर छोड़ दिया गया था। इसमें गिरकर बच्चे घायल हो रहे हैं।
इसकी शिकायत ग्रामीणों ने अधिकारियों से कई बार की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही थी। इस बात को लेकर पत्रिका में 23 मार्च को स्कूल भवन निर्माण के लिए छह माह पहले निकाली राशि, पर निर्माण नहीं शीर्षक से खबर प्रकाशित किया गया था। खबर प्रकाशन के बाद अधिकारी हरकत में आए और सरपंच व सचिव को कार्य जल्द प्रारंभ कराने फटकार लगाई। इसके बाद सचिव ने ठेकेदार से मनुहार कर कार्य प्रारंभ कराया।
स्कूल भवन का कार्य प्रारंभ होते ही ग्रामीणों ने हर्ष व्यक्त करते हुए पत्रिका को धन्यवाद ज्ञापित किया है। वहीं चेक काटने तथा समय पर निर्माण नहीं होने को लेकर अधिकारियों द्वारा बरती जा रही लापरवाही को लेकर ग्रामीणों में रोष ब्याप्त है। साथ ही ग्राम पंचायत द्वारा नियम विरूद्ध कार्य को ठेके पर दिए जाने को लेकर भी सरपंच व सचिव पर कार्रवाई की मांग की गई है।
---------------
जली महिला की सिम्स में मौत
सरखों. नैला चौकी अंतर्गत ग्राम सरखों ने एक महिला ने मंगलवार की सुबह अपने उपर मिट्टी तेल छिड़कर खुदकुशी की कोशिश की। वह 90 फीसदी झुलस गई। उसे गंभीर अवस्था में संजीवनी के माध्यम से पहले पहले जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, इसके बाद उसकी हालत को देखते हुए जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने महिला को सिम्स रेफर कर दिया। सिम्स में इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। खुदकुशी का कारण घरेलू विवाद बताया जा रहा है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
Published on:
29 Mar 2018, 7:32 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.