
आयुष्मान और सीएम हेल्थ कार्ड योजना के तहत इलाज नहीं होगा बंद, सरकार ने कही यह बड़ी बात
जशपुरनगर . गरीबों मरीजों को नि:शुल्क इलाज की सुविधा दिलाने के लिए केंद्र सरकार द्वारा संचालित आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना और राज्य सरकार की ओर से संचालित मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना को लेकर प्रदेश के मरीजों में भ्रम की स्थिति बनी हुई है। दरअसल स्वास्थ्य विभाग के पास सोशल मीडिया में घूम रही इन योजनाओं की भ्रामक जानकारी पहुंची जिसके बाद उन्होंने इसके संचालन की सत्यता को लेकर प्रेस रिलीज जारी किया है। साथ ही सरकार ने कहा वॉट्सएप में भ्रामक समाचार फैलाने वालों पर यकीन न करें हितग्राही।
लोगों के स्वास्थ्य से जुड़े इन दो महत्वपूर्ण योजनाओं के संबंध में जशपुर जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक आयुष्मान भारत और मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा का संचालन 15 नवंबर के बाद से यानि 16 नवंबर से पूरी तरह से बंद हो जाएगा। लेकिन ऐसा कोई भी फैसला सरकार की ओर से नहीं लिया गया है। सीएमएचओ एसएस पैंकरा से मिली जानकारी के मुताबिक सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय से सभी जिलों को यह आदेश जारी किया गया है कि सरकार के आगामी आदेश तक इन योजनाओं का लाभ हितग्राहियों को पूर्व के अनुसार दिया जाए किसी तरह से परिवर्तन न किया जाए।
साढ़े पांच लाख का इलाज मुफ्त
आयुष्मान भारत की ओर से 5 लाख रुपए तक और मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत 50 हजार रुपए तक यानि कुल 5.50 लाख रुपए का इलाज मरीजों को नि:शुल्क मिलेगा। इससे सरकारी अस्पताल और सरकार की ओर से पंजीकृत निजी अस्पतालों में लाभ लिया जा सकता है। जिले के दर्जनों अस्पताल में इन दोनों योजना के जरिए इलाज लिया जा रहा है और आगे भी इलाज कराने के लिए सीएमएचओ ने हितग्राहियों को समझाईश दिया है।
20 हजार मरीज हुए हैं लाभांवित
अबतक जिले में आयुष्मान भारत योजना और मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत जिले में 20 हजार हितग्राहियों को लाभ पहुंचाया जा चुका है। इस संबंध में जारी प्रेस रिलीज में बताया गया कि अबतक योजना में किसी प्रकार की समस्या नहीं हुई है। लोग बेफिक्र होकर योजना का लाभ ले रहे हैं। भ्रामक जानकारी में आकर मरीजों को इधर-उधर भटकने की आवश्यकता नहीं है।
इलाज से मना करने पर कड़ी कार्रवाई
सीएमएचओ एसएस पैंकरा ने कहा कि यदि कोई निजी या शासकीय अस्पताल आयुष्मान भारत और मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत इलाज करने से मना करता है तो यह जानकारी उन तक पहुंचाई जाए, ऐसे लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सरकार की ओर से यह आदेश है कि योजना के बंद करने के लिए कोई सूचना अभी तक जारी नहीं हुई है।
प्रसव पर बेबी किट का वितरण
संस्थागत प्रसव को बढ़ाने और इस संबंध में लोगों को जागरूक करने के लिए आयुष्मान भारत योजना के तहत हितग्राहियों को प्रोत्साहन स्वरूप बेबी किट का वितरण भी किया जाता है। यह किट का वितरण पूर्व की भांति अब भी जारी है। इस संबंध किसी प्रकार की समस्या होने पर विकासखंडस्तर पर स्थित कियोस्क सेंटर और 104 टॉल फ्री नंबर पर संपर्क किया जा सकता है।
कार्ड बंद होने की भ्रामक जानकारी मीडिया में आ रही थी यह पूरी तरह से भ्रामक है। स्वास्थ्य मंत्रालय से आगामी आदेश तक दोनों योजना का संचालन यथावत करने का आदेश जारी किया गया है।
शिशिर सिंह, जिला सलाहकार आयुष्मान भारत योजना
आयुष्मान भारत योजना और मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के बंद होने की कोई सूचना सरकार से नहीं मिली है। यह पूर्व की तरह नियमित रूप से चालू है, हितग्राही नि:संकोच होकर इसका लाभ ले सकते हैं।
एसएस पैंकरा, सीएमएचओ जशपुर
Published on:
9 Nov 2019, 5:50 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.