
सीसीटीवी में बाइक चोरी करते दिखे थे चोर, कोतवाली पुलिस ने पकड़ने के बाद भी छोड़ दिया
जौनपुर. जिले भर में चुनौती बन चुके बाइक चोरों पर कोतवाली पुलिस मेहरबान है। जिन युवकों को सीसीटीवी कैमरे ने बाइक चोरी करते दिखाया उन्हें पकड़ने के बाद भी छोड़ दिया गया। हालांकि चोरी गई बाइक को उसके स्वामी के हवाले कर दिया गया। लीपापोती करते हुए कोतवाल ने बताया कि न तो बाइक चोरी हुई है और न ही कोई तहरीर मिली।
नगर कोवताली के बदलापुर पड़ाव से बीते 16 दिसंबर को एक बेकरी संचालक की बाइक चोरी हो गई। पीड़ित को पता चला तो उसने सौ नंबर पर फोन कर इसकी सूचना दी।
टीम पहुंची तो वहीं लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगाला गया। इसमें दो युवक बाइक पर हाथ साफ करते साफ दिखाई दिए। फुटेज के आधार पर 18 दिसंबर को दोनों को पकड़ लिया गया। कोतवाली लाने के बाद उनकी निशानदेही पर एक घर से बाइक बरामद हो गई। वाहन स्वामी को बुला कर बाइक उसके हवाले कर दी गई।
सूत्र बताते हैं कि आरोपियों के परिजनों को कोतवाली बुलाया गया। फिर संदिग्ध हालात में दोनों को छोड़ दिया गया। जिसकी हर ओर चर्चा हो रही है। कोतवाल शशिभूषण राय ने बताया कि न तो बाइक चोरी हुई है और न ही कोई तहरीर मिली है।
जालसाजों ने पार किए 46 हजार रूपये
वहीं दूसरी तरफ बदलापुर तहसील में एटीएम कार्ड बदल कर रुपये निकाले जाने का सिलसिला बदस्तूर जारी है। इसे लेकर एटीएम कार्ड धारक सहमे हुए हैं। बुधवार को भी एक व्यक्ति ने जालसाजों द्वारा कार्ड बदल कर 46 हजार रूपये निकाल लिए जाने की शिकायत बैंक अधिकारियों से की।
सिंगरामऊ थाना क्षेत्र के बहरा निवासी इस्लाम अली यूनियन बैंक के खाताधारक हैं। उन्होंने एटीएम कार्ड भी ले रखा है। बीते 18 दिसंबर को कस्बे के घनश्यामपुर रोड स्थित एचडीएफसी बैंक के एटीएम से रुपये निकालने पहुंचे। मशीन में कार्ड डाला लेकिन रुपया नहीं निकला।
इसी दौरान बगल खड़े दो युवकों ने अपना रुपया निकालने के बहाने कार्ड बदल लिया। इसके बाद धनियामऊ यूबीआई के एटीएम से पांच बार में 46 हजार रुपये निकाल लिए। देर रात जब मोबाइल पर रूपये निकाले जाने का मैसेज आया तो उनके होश उड़ गए।
उन्होंने दूसरे दिन ही बैंक पहुंच कर इसकी शिकायत की। संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो बुधवार को वे फिर शिकायत करने पहुंचे। उन्होंने पुलिस से भी शिकायत की लेकिन राहत नहीं मिली।
Published on:
20 Dec 2017 11:20 pm
बड़ी खबरें
View Allजौनपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
