
जौनपुर. प्रख्यात कवि और आम आदमी पार्टी के नेता कुमार विश्वास ने पंजाब नेशनल बैंक घोटाले को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसा। कहा कि देश का चौकीदार इस घोटाले के लिए जिम्मेदार है। पूर्व की सरकारों पर दोषारोपण किया जाना सरासर गलत है। अपनी नाकामी का ठीकरा किसी दूसरे के सिर फोड़ कर प्रधानमंत्री अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकते। वे मंगलवार को केराकत स्थित पार्वती पब्लिक स्कूल कुसरना के वार्षिकोत्सव में शामिल होने के दौरान पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
कुमार विश्वास ने कहा किसान खाद के लिए बैंक से कर्ज लेता है तो उसके दरवाजे पर जाकर बैंक का कर्मचारी बैठ जाता है जबकि हजारों करोड़ का कर्ज लेने वाला देश से सुरक्षित भाग निकला। इसके लिए सरकार दोषी है। उन्होंने यूपी की कानून व्यवस्था की स्थिति पर कहा कि किसी अपराधी का एनकाउंटर कर देने से अपराध नहीं रुकेगा। शासन-प्रशासन की हनक ऐसी होनी चाहिए कि अपराधी के दिलो-दिमाग में भय पैदा हो जाए। कुमार विश्वास ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती का दावा करने वाले दल अपना आंतरिक लोकतंत्र खुद मजबूत नहीं करना चाहते। हम इसी व्यवस्था के खिलाफ राजनीति में आए हैं। कुमार विश्वास दिल्ली में कानून व्यवस्था की स्थिति तथा दिल्ली प्रदेश के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की मौजूदगी में प्रमुख सचिव की आप विधायकों द्वारा पिटाई के बारे में पूछे गए सवाल का जवाब देने से कतरा गए।