
सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता का बीजेपी पर बड़ा हमला, कहा, संविधान को नहीं मानते संघ और भाजपा के लोग
जौनपुर. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता अमीक जामेई का जिले में पहुंचने पर जोरदार स्वागत पार्टी कार्यकर्ता व जिलाध्यक्ष लाल बहादुर यादव ने अपनी टीम के साथ किया। पार्टी कार्यालय पहुंचने पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंेने कहा कि देश संविधान से चलता है और संघ और भाजपा ने कभी भी संविधान को नहीं माना है। यही वजह है कि संघ अपने एजेण्डे पर काम करता है और भाजपा सिर्फ मुखौटा है। ऐसे में केंद्र की मोदी सरकार जो भी वायदे जनता से किये वो सब कोरे साबित हुए है।
उन्होंने नरेंद्र मोदी को देश का सबसे झूठा प्रधानमंत्री करार देते हुए कहा कि एक तरफ 50 हजार से ज्यादा किसानों ने आत्महत्या किया तो वहीं बेरोजगारों के हाथ अभी भी खाली है और झूठ के नाव पर सवार होकर बनारस को क्योटो बनाने का दावा कर रहे है पर हकीकत यह है कि साढ़े चार साल बीत जाने के बाद भी केंद्र की मोदी सरकार ऐसा कोई काम नहीं किया है जिसे इस देश की जनता याद कर सके। हां इतना जरुर है कि मोदी और अमित शाह की जोड़ी ने अडानी, अम्बानी जैसे उद्योगपतियों को देश की जनता की गाढ़ी कमाई लूटने की खुली छूट दे रखी है। जब भी चुनाव आता है संघ और भाजपा के लोग अयोध्या में बाबरी विध्वंस के मामले को तूल देते है और लोगों को बरगलाने का काम कर राजनीतिक रोटियां सेंकने में पीछे नहीं रहते है। ऐसे लोगों से हम सबको बचने की जरुरत है।
जामेई ने कहा कि राम मंदिर व बाबरी मस्जिद विवाद का मामला सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है तो क्यों भाजपा और संघ के लोग सुप्रीम कोर्ट के फैसले का इंतजार नहीं कर रहे है। देश के प्रथम गृह मंत्री, भारत रत्न सरदार बल्लभ भाई पटेल ने खुद आरएसएस पर बैन लगाकर यह साबित कर दिया था कि यह देश तोड़ने का काम करने वाली संस्था है। ऐसे में हमें सफाई देने की अब जरुरत नहीं है। आज भाजपा व आरएसएस के लोग सीबीआई, ईडी जैसी विश्वसनीय जांच एजेंसियों पर भी कब्जा करने का काम कर रही है जो लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं है।
प्रदेश की योगी सरकार पर भी उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जौनपुर जिले के विकास तब तक नहीं होगा जब तक प्रदेश का नाम चिलम प्रदेश नहीं हो जाएगा। इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष शकील अहमद, हिसामुद्दीन, श्याम बहादुर पाल, सोचन राम विश्वकर्मा, रिजवान हैदर राजा, डॉ. हसीन बबलू, जावेद सिद्दीकी, मो. आसिफ, इरशाद मंसूरी, पूनम मौर्या, राजन यादव, ईश्वर चंद्र यादव, राजेश यादव, आलोक यादव, प्रभाकर मौर्या, डॉ. लक्ष्मीकांत यादव, दीपक गोस्वामी, श्याम नारायण बिंद, बजरंग बहादुर यादव, शबनम नाज, सीमा, डॉ. रेयाज अहमद, सहित अन्य लोगों ने माल्यार्पण कर जोरदार स्वागत किया।
input by- jawed ahmed
Published on:
12 Nov 2018 09:01 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
