
जौनपुर ईसाई प्रार्थना सभा विवाद
जौनपुर. डोभी क्षेत्र के भूलनडीह में रविवार को होने वाली प्रार्थना किसी तरह पुलिस ने रोक दी थी, लेकिन आज मंगलवार की प्रार्थना रोकना भी बड़ी चुनौती साबित हो सकती है। आशंका जताई जा रही है कि ईसाई धर्म के अनुयायी इस बार उग्र हो सकते हैं। पिछले 11 वर्षों से प्रार्थना सभा के नाम पर ईसाइयत के अनुयायियों की बड़ी तादाद में होती रही जुटान पर लगाम लगाने में बीते रविवार को पुलिस के पसीने छूट गए थे। धर्मांतरण के इस जाल के तहत आम जनता को बरगलाने व सनातन धर्म विरोधी गतिविधियों को रोकने के लिए कोर्ट के निर्देश, क्षत्रिय महासभा, हिंदूवादी संगठनों के आंदोलन के चलते प्रार्थना सभा नहीं हो सकी थी। लेकिन इनके अनुयायियों की जिद के कारण इस पर लगाम लगाना बड़ी चुनौती बनी हुई है।
भूलनडीह गांव में हर रविवार व मंगलवार को इन अनुयायियों की भारी तादाद में जुटान होती रही है। इसी क्रम में इस मंगलवार को अनुयायियों को प्रार्थना सभा तक लाने में इससे जुड़े लोग अंदरखाने में सक्रिय हैं। बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया का सहारा लेकर रणनीतिकार ईसाइयत के अनुयायियों व सक्रिय लोगों की भरपूर हौसला आफजाई करने में जुटे हैं। इस मंगलवार को संभावित प्रार्थना सभा पर शिकंजा कायम रखना पुलिस के लिए चुनौती के रूप में देखा जा रहा है।
इस मामले में पुलिस की कितनी हनक है इसका अंदाजा मंगलवार को भूलनडीह की गतिविधि देखने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस प्रशासन यहां किसी प्रकार की गैर कानूनी, धर्म विरोधी गतिविधि पर शिकंजा कायम रखने को प्रतिबद्ध है तो ईसाइयत के प्रचारक अपने अनुयायियों को प्रार्थना सभा तक पहुंचाने के प्रयास को अंजाम देने की रणनीति पर कायम हैं। हालात को देखते हुए भूलनडीह में धारा 144 लागू कर दी गई है। पूरे सर्किल की फोर्स, पीएसी और फायर ब्रिगेड को तैनात कर दिया गया है।
By Javed Ahmad
Updated on:
18 Sept 2018 09:06 am
Published on:
18 Sept 2018 09:06 am
