7 मई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Medical and Health Department News : सवा लाख लोगों के स्वास्थ्य के जिम्मेदारी संभालने वाले स्वास्थ्य केंद्र में पर्याप्त डॉक्टर भी नहीं

सोनोग्राफी मशीन खराब, ईसीजी जांच सुविधा नहीं, स्त्री रोग विशेषज्ञ का पद लम्बे समय से रिक्त

2 min read
Google source verification
There are not even enough doctors in the health center that takes care of the health of 1.25 lakh people.

: सवा लाख लोगों के स्वास्थ्य के जिम्मेदारी संभालने वाले स्वास्थ्य केंद्र में पर्याप्त डॉक्टर भी नहीं

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर चौमहला का मामला
चौमहला (झालावाड़). सरकार भले ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के दावे कर रही हो लेकिन दूरदराज ग्रामीण क्षेत्र के सरकारी अस्पतालों में आज ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सेवा के लिए दो चार होना पड़ रहा है। क्षेत्र के 103 गांवों के करीब सवा लाख लोगों को चिकित्सा सुविधा मुहैया करवाने वाला चौमहला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर स्वास्थ्य सेवाओं एवं मूलभूत सुविधाओं का अभाव निरन्तर बना रहता है। यहां सोनोग्राफी की जांच भी दूर की कौड़ी साबित हो रही है क्योंकि जब यहां सोनोग्राफी मशीन थी तब जांच करने के लिए रेडियोलॉजिस्ट नहीं था। अब जब रेडियोलॉजिस्ट लगा दिया तो मशीन खराब पड़ी है। ऐसे में मजबूरन मरीजों को निजी लेब पर 850 से 900 रुपए देने पड़ रहे है। जबकि सरकारी अस्पताल में 200 रुपए में सोनोग्राफी होती है। ईसीजी जांच मशीन भी उपलब्ध नहीं है।
यहां स्त्री रोग विशेषज्ञ नहीं होने से महिलाओं को परेशानी हो रही है। जिसके चलते महिलाओं को छोटी छोटी बीमारियों में निकटवर्ती मध्यप्रदेश के चिकित्सालय में जाना पड़ रहा है। डग पंचायत समिति क्षेत्र की आधी से अधिक ग्राम पंचायतों के लोग उपचार के लिए चौमहला, गंगधार, उन्हेल आते हैं लेकिन तीनों ही सरकारी अस्पतालों में महिला चिकित्सक नहीं है। ऐसे में प्रसव के दौरान स्थिति बिगडऩे पर प्रसूताओं को मजबूरन जिला चिकित्सालय झालावाड़, भवानीमंडी, मध्यप्रदेश के नागदा, मन्दसौर, इंदौर, उज्जैन की ओर रुख करना पड़ता है।
कई पद रिक्त
30 बेड की क्षमता वाले इस अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञ सहित, कनिष्ठ विशेषज्ञ सर्जरी, कनिष्ठ विशेषज्ञ मेडिसिन का पद रिक्त है। डेंटल चिकित्सक का पद भी रिक्त है जबकि अस्पताल में डेंटल की आधुनिक मशीन भी लगी हुई है। यही हाल हड्डी रोग वालों का है। यहां वर्तमान में एक्सरे मशीन तो चालू है लेकिन हड्डी रोग विशेषज्ञ नहीं है। इसके अलावा यहां चार मेल नर्स, चार वार्ड बॉय के पद रिक्त हैं।
चिकित्सकों की नियुक्ति जयपुर से होती है। हम पूरा प्रयास कर रहे है कि सभी जगह पर्याप्त चिकित्सक हो। स्त्री रोग विशेषज्ञ की भी कमी का पता लगवाते है। सोनोग्राफी मशीन जल्द ही चालू करवाएंगे।
डॉ. जी.एम. सैयद, मुख्य स्वास्थ्य एवं चिकित्सा अधिकारी झालावाड़
चिकित्सालय में स्त्री रोग विशेषज्ञ के नहीं होने से छोटी छोटी बिमारियों के लिए महिलाओं को बाहर जाना पड़ता है जिस कारण काफी समय व धन बर्बाद होता है। यहां स्त्री रोग विशेषज्ञ की शीघ्र नियुक्ति हो एवं नियमित सोनोग्राफी की सुविधा मिले।
मंगला गायरी, जिला परिषद सदस्य
चिकित्सालय में स्त्री रोग व अन्य रोगों के विशेषज्ञ नहीं होने से लोगों को उपचार के लिए बाहर ले जाना पड़ता है। सोनोग्राफी, ईसीजी व अन्य जांचे भी नियमित होना चाहिए ताकि लोगों को बाहर से जांच न करवानी पड़े।
प्रदीप डोसी, पंचायत समिति सदस्य
चौमहला प्रमुख व्यापारिक मंडी है। बढ़ती जनसंख्या के हिसाब से यह अस्पताल 50 बेड क्षमता का होना चाहिए। यहां सभी तरह की जांच की नियमित सुविधा लोगों को मिलनी चाहिए।
दिलीप जैन, संयोजक व्यापार महासंघ चौमहला
सोनाग्राफी मशीन खराब पड़ी हुई है। नई मशीन के लिए उच्चाधिकारियों व विधायक को अवगत करवाया गया है। विधायक कोष से नई मशीन लगवाने के प्रयास कर रहे हैं। चिकित्सालय में स्त्री रोग विशेषज्ञ, दंत चिकित्सक, हड्डी रोग, शिशु रोग विशेषज्ञ व फिजिशियन सहित अन्य रिक्त पदों के लिए उच्च अधिकारियों को अवगत करवा रखा है।
डॉ. विकास जैन, ब्लाक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डग