
पत्नी की हत्या का मामला दर्ज हुआ तो खुद ने भी जहर खाया, हालत गंभीर
झालरापाटन. झालावाड़ जिले के झालरापाटन में एक विवाहिता की सोमवार देर रात संदिग्ध हालात में जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। मृतका के भाई ने अपने जीजा और उसके दोस्तों के खिलाफ शराब पीने के बाद उसकी बहन की जहर देखकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया। पुलिस में हत्या मामला दर्ज होने के बाद मृतका के पति ने कीटनाशक पीकर खुदकुशी का प्रयास किया। पुलिस ने उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया है।
झालरापाटन थाने के सहायक निरीक्षक दुर्गा लाल ने बताया कि भैंसापाड़ा मोहल्ला निवासी मानकंवर [28] की सोमवार रात करीब 11 बजे घर में ही जहरीला पदार्थ खाने से तबीयत बिगड़़ गई। उस समय घर में पति मोनू सिंह अपने दो दोस्तों प्रिंस और लाला के साथ बैठकर शराब पी रहा था। मानकंवर की तबीयत बिगडऩे पर मोनू ने पास ही रहने वाले अपने साले हर्षित हाड़ा को सूचना दी। सूचना मिलते ही हर्षित तुरन्त अपनी बहन के घर पहुंचा और उसे राजकीय जिला चिकित्सालय झालावाड़ ले गया। जहां देर रात मानकंवर ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
भाई को बताई पूरी घटना
मृतका के भाई हर्षित ने बताया कि रात को जब वह अपनी बहन को अस्पताल ले जा रहा था, तब उसने बताया था कि शराब पी रहे पति मोनू और उसके दोनों दोस्तों ने उसे मारने के लिए जबरदस्ती सल्फ ास की गोलियां खिलाई। पुलिस ने हर्षित की रिपोर्ट पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सिलाई कर चलाती थी घर का खर्च
मृतका मान कंवर मूलत: बारां जिले के पांडुहेली गांव की रहने वाली थी। करीब 12 वर्ष पहले उसका विवाह झालावाड़ जिले के गांव बाली में हुआ था। लेकिन पिछले 8 साल से वह झालरापाटन में किराए के मकान में रहती थी। उसने पुरानी तहसील की गली में छोटी सी सिलाई की दुकान खोल रखी है, जहां वह महिलाओं के कपड़े सिलकर अपने परिवार का पालन पोषण कर रही थी। उसके 8 साल का लड़का और 5 साल की लड़की है।
अब मैं भी जी कर क्या करूंगा
पुलिस के अनुसार मंगलवार सुबह अस्पताल में मान कंवर के शव का पोस्टमार्टम चल रहा था। सुबह साढ़े ग्यारह बजे पति मोनू सिंह बाइक लेकर गायब हो गया। आधे घंटे बाद अपने पिता को फ ोन पर उसने बताया कि उसका सब कुछ बर्बाद हो गया। अब वह जहर खाकर मरने जा रहा है। इसके बाद परिजनों ने मोनू को तलाशना शुरू किया। काफी देर तक तब उसका पता नहीं लगा तो झालरापाटन पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मोबाइल के लोकेशन के आधार पर मोनू को ट्रेस किया तो सदर थाना क्षेत्र के गांव चंदलोई के पास उसकी लोकेशन मिली। पुलिस मौके पर पहुंची तो वह एक बगीचे में वह अचेत पड़ा मिला। मोनू के पास एक थैले में कीटनाशक की बोतल पड़ी हुई थी। पुलिस ने उसे चिकित्सालय में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
इनका कहना है....
मृतका के भाई हर्षित हाड़ा की रिपोर्ट पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है। अनुसंधान में जैसे भी तथ्य सामने आएंगे, कार्रवाई की जाएगी। मृतका के पति की हालत भी गंभीर है। वह बयान देने की स्थिति में नहीं है।
-महावीर सिंह, थानाधिकारी झालरापाटन
Published on:
10 May 2023 02:03 pm
बड़ी खबरें
View Allझालावाड़
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
