
गाय का दूध देता है सेहत भरपूर, इतनी सारी बीमारियों से रखता है दूर
झांसी। भारत सरकार के अल्पसंख्यक आयोग के डिप्टी सेक्रेटरी संदीप जैन के मुख्य आतिथ्य में गौसेवा पर एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस संगोष्ठी का आयोजन उत्तरांचल तीर्थ क्षेत्र कमेटी के अध्यक्ष शैलेन्द्र जैन की अध्यक्षता में किया गया। इस संगोष्ठी में उन्होंने बताया कि भारतीय गाय में ए2 दूध प्राप्त होता है। जो शुद्ध और पीने के लिये सर्वोत्तम है। इस दूध के सेवन से कैंसर, मानसिक तनाव, सिर दर्द, हार्टअटैक, एलजाइमर, मोटापा, सोरायसिस व बांझपन, आदि तमाम रोग दूर रहते हैं। यह संगोष्ठी यहां करगुवां जी जैन मंदिर के पास स्थित वर्धमान गौशाला में हुई। इस दौरान वक्ताओं ने अपने-अपने अंदाज में गौ सेवा और उसके उत्पादों के महत्व के पूरे में लोगों को जानकारी दी।
स्वस्थ शरीर, स्वस्थ मन व स्वस्थ चिंतन का आधार
संगोष्ठी में गौ सेवक श्याम बिहारी गुप्त ने कहा कि भारतीय गाय में 33 करोड़ देवताओं का निवास है। इसका दूध, गोबर और मूत्र सभी कुछ व्यक्ति के स्वास्थ्य व पर्यावरण के लिये लाभकारी है। देसी गायों को पाल कर हम अपनी संस्कृति की रक्षा के साथ ही आने वाली पीढ़ियों को स्वस्थ शरीर व रचनात्मक चिंतन दे सकते हैं। भारतीय गाय की सेवा तो स्वस्थ शरीर, स्वस्थ मन और स्वस्थ जीवन से जुड़ी है।
बच्चों में पौष्टिकता और स्मरण शक्ति बढ़ाता है
संगोष्ठी में मुख्य अतिथि संदीप जैन ने बताया कि भारत सरकार गौपालन पर जोर दे रही है और जन जागरूकता से इसे अभियान के रूप में लिये जाने की आवश्यकता है। इस दौरान वक्ताओं ने अपने अनुभव बताते हुये कहा कि भारतीय गाय का दूध बच्चों में पौष्टिकता व स्मरण शक्ति को बढ़ाने वाला होता है।
ये लोग रहे उपस्थित
इस अवसर पर ज्ञान माइनोरिटी वेलफेयर एण्ड एजूकेशन फाउण्डेशन की राष्ट्रीय अध्यक्ष बबीता जैन दिल्ली, प्रदुम्ब जैन, डा. जिनेन्द्र जैन, सुरेश कुशवाहा, महेन्द्र जैन, श्रीमती रश्मि जैन अलीगढ़, सुभाष जैन सत्यराज, सिंघई रिषभ जैन, मनोज श्रीवास्तव, हीरू जैन, फूलचन्द्र यादव, बलवीर यादव, दौलती कुशवाहा, श्रीमती राधा कुशवाहा आदि उपस्थित रहे। संचालन दिगंबर जैन पंचायत के महामंत्री प्रवीण कुमार जैन ने किया। बाद में सभी के प्रति आभार ज्ञापन श्रीमती राखी जैन ने किया।
Updated on:
06 May 2018 05:29 pm
Published on:
06 May 2018 05:29 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
