27 मई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बुंदेलखंड को योजनाओं की सौगात, डिफेंस कारिडोर के रोडमैप पर मंथन

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केन्द्रीय रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने सोमवार को बुंदेलखंड को कई योजनाओं की सौगात दी।

3 min read
Google source verification
yogi adityanath

झांसी. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केन्द्रीय रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने सोमवार को बुंदेलखंड को कई योजनाओं की सौगात दी। इसके साथ ही बुंदेलखंड में प्रस्तावित डिफेन्स कारिडोर को लेकर बैठक हुई जिसमें सीएम, रक्षा मंत्री सहित केन्द्र और प्रदेश सरकार के अफसर मौजूद रहे। इस बैठक में डिफेन्स कारिडोर के रोडमैप को लेकर चर्चा हुई।

रेल कारखाने का जल्द होगा शिलान्यास

क्राफ्ट मेला मैदान पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पहली बार उत्तर प्रदेश के अंदर 4 लाख 68 हजार करोड़ रुपये के निवेश के प्रस्ताव पारित हुए। एमओयू के धरातल पर उतरने पर 33 लाख युवाओं के लिए रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। पूर्वांचल और बुंदेलखंड को एक्सप्रेस-वे देने के साथ ही औद्योगिक कॉरिडोर बनाकर युवाओं को रोजगार प्रदान करेंगे। बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे पर काम तो शुरू होगा ही, रेल कारखाना भी स्थापित होगा। जल्द ही रेल मंत्री कारखाने का शिलान्यास करेंगे। किसानों की आय को दोगुना करने के संकल्प को आगे बढ़ाना है तो फूड प्रोसेसिंग यूनिट को लगाना आवश्यक है। सरकार इस दिशा में आगे बढ़ रही है। झांसी के 48 हजार किसानों के कर्ज माफ किए गए। कर्ज माफी के लिए 272 करोड़ रुपये झांसी जनपद को उपलब्ध कराए। बुंदेलखंड में विकास की अपार संभावनाएं हैं। बुंदेलखंड पूरे उत्तर प्रदेश को नई राह दिखा सकता है। हमारी सरकार बुंदेलखंड से जुड़ी समस्याओं का समाधान करने के साथ ही विकास की योजनाओं को शुरू करने का संकल्प पूरा कर रही है। इन्वेस्टर्स समिट में हुए 55 हजार करोड़ रुपये के एमओयू को सरकार इसी महीने क्रियान्वित करने जा रही है। बुंदेलखंड में रोजगार के साधन उत्पन्न कराने व विकास के एजेंडे को लेकर डिफेंस कॉरिडोर की महत्वपूर्ण बैठक भी संपन्न हुई है। इसके सार्थक परिणाम जल्द ही देखने को मिलेंगे। हर व्यक्ति को घर देने का माननीय प्रधानमंत्री का संकल्प पूरा किया जा रहा है। झांसी जनपद में अब तक 6472 व्यक्तियों को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) तथा 2601 व्यक्तियों को प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत आवास प्रदान किए जा चुके हैं ।

पिछली सरकारों ने पलायन पर नहीं दिया ध्यान

मुख्यमंत्री ने कहा कि थोड़ा भी ध्यान बुंदेलखंड के विकास पर पिछली सरकार ने दे दिया होता तो यहां के नौजवानों को पलायन करने के लिए मजबूर न होना पड़ता। 2004-2014 के बीच जिन लोगों को देश में शासन करने का मौका मिला, उनके एजेंडे में विकास नहीं था, उनके एजेंडे में गरीब, किसान और नौजवान नहीं था। जब आदरणीय नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बने तब से उन्होंने देश को विकास का नजरिया दिया है। हर घर को बिजली देने के संकल्प को राज्य सरकार पूरा कर रही है। झांसी जनपद में 23612 गरीबों को मुफ्त बिजली कनेक्शन दिए गए और 53 मजरों तक बिजली पहुंचाने का काम पूरा किया गया । एक वर्ष में झांसी जनपद में 43081 शौचालय ग्रामीण क्षेत्र में तथा 6358 व्यक्तिगत शौचालय शहरी क्षेत्र में बनाए गए। बड़ी संख्या में सामुदायिक शौचालयों का निर्माण भी स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत करवाया गया। झांसी जनपद में 3195 नौजवानों को प्रधानमंत्री स्किल डवलपमेंट कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षित किया गया। 500 नौजवानों को प्लेसमेंट भी मिला। प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के अंतर्गत तीन इकाइयां शिशु योजना में 3873, किशोर योजना में 1342 और तरुण योजना में 74 लाभार्थियों को लाभान्वित करने का कार्य बुंदेलखंड में पूरा किया गया ।

कई योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास

मुख्यमंत्री ने इनमें 82.05 करोड़ रुपये की लागत से बनी 33 योजनाओं का शिलान्यास और 34.21 करोड़ रुपये की 4 योजनाओं का लोकार्पण किया गया। इसके अलावा झांसी-उन्नाव बालाजी मार्ग चौड़ीकरण, बुन्देलखण्ड इंस्टिट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एन्ड टेक्नोलॉजी में बॉयज हॉस्टल का निर्माण, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बरुआसागर, बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय एनीमल रिसर्च सेंटर, सुजवा-धवारी मार्ग आदि योजनाओं का भी लोकार्पण किया गया। इस दौरान 200 बच्चों को ड्रेस, बैग, जूता, मोजा, बेल्ट वितरित किए गये, जिनमें से 10 बच्चे मंच पर मौजूद रहे। साथ ही 1500 ऐसे लोग भी कार्यक्रम में शामिल हुए जिन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना, शौचालय निर्माण और पेंशन राशि का चेक प्रदान किया गया।

सपाइयों ने किया दौरे का विरोध

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के झाँसी दौरे का सपा कार्यकर्ताओं ने विरोध किया। सपाइयों ने इलाइट चौराहे पर विरोध प्रदर्शन की कोशिश की लेकिन पुलिस ने उन्हें यहां से हटा दिया। सपाईयों ने इलाइट चौराहे पर प्रदर्शन और नारेबाजी की जिसके चलते पुलिस ने कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। इस दौराऩ सपाइयों ने योगी सरकार के खिलाफ नारे लगाए। सपा कार्यकर्ताओं ने योगी वापस जाओ के नारे लगाए और विरोध जताया। इस दौरान राहुल यादव, प्रतिपाल सिंह यादव सहित सपा के अन्य नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।