
झुंझुनूं/खेतड़ीनगर। महाराष्ट्र में टाइल लगाने का कार्य करने वाले खरखडा गांव के मजदूर का शव तीन दिन पूर्व तालाब में तैरता हुआ मिला। मृतक का शव शनिवार खरखडा पहुंचने पर परिजन ने हत्या करने का आरोप लगाते हुए हंगामा खड़ा कर दिया। उन्होंने फिर से पोस्टमार्टम करवाने व उचित न्याय की मांग को लेकर शव लेने से मना कर दिया और धरने पर बैठ गए।
सूचना पर तहसीलदार विवेक कटारिया, डीएसपी हजारी लाल खटाना मौके पर पहुंचे और समझाइश की। इस पर एक बार तो परिजन ने मृतक का अंतिम संस्कार करने का निर्णय कर लिया लेकिन दस मिनट बाद फिर शव लेने से मना कर दिया। समाचार लिखे जाने तक मृतक का अंतिम संस्कार नहीं किया गया। शव गांव की सरकारी स्कूल के सामने एंबुलेंस में ही रखा हुआ है। परिजन ग्रामीणों के साथ धरने पर बैठे हुए हैं।
जानकारी के अनुसार खरखड़ा निवासी विक्रम (19) पुत्र सीताराम महाराष्ट्र के सांगली जिले के कोटे महाकाल गांव में टाइल्स मजदूरी का काम कर रहा था। तीन दिन पहले परिवार के लोगों को सूचना दी गई कि विक्रम की तालाब में डूबने से मौत हो गई। वहीं पर ही ठेकेदार ने पुलिस की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम करवा दिया और एंबुलेंस में शनिवार को शव लेकर गांव आ गया। यहां परिजन ने गांव की स्कूल के पास एंबुलेंस को रुकवा कर दोबारा से पोस्टमार्टम कराने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों ने युवक की हत्या की आशंका जताते हुए दोबारा से पोस्टमार्टम नहीं होने तक शव का अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया। इस दौरान धरने पर बैठे ग्रामीणों से तहसीलदार विवेक कटारिया, डीएसपी हजारी लाल खटाना, थानाधिकारी अजय सिंह ने समझाइश का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण अपनी मांगों को लेकर अड़े हुए हैं।
डीएसपी हजारी लाल खटाना ने कहा कि घटना महाराष्ट्र में हुई है। वहीं पर ही रिपोर्ट दर्ज होगी। परिजन के लिखित रिपोर्ट के आधार पर हरसम्भव मदद करने के लिए आश्वस्त किया। इस दौरान गांव में खेतडीनगर, खेतडी, मेहाडा, बबाई पुलिस थाने का जाप्ता तैनात रहा। प्रशासन व पुलिस का ग्रामीणों के साथ समझाइश का दौर जारी है। मृतक खरखड़ा निवासी विक्रम अविवाहित था तथा वह पांच भाई-बहनों में तीसरे नंबर का है। मृतक के पिता सीताराम भी चेजा पत्थर की मजदूरी कर अपने परिवार का पालन पोषण करते हैं।
Published on:
18 Jun 2023 04:59 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
