
मेडिकल जांच के बाद हाइना का किया गया अंतिम संस्कार (फोटो-पत्रिका)
झुंझुनूं। खेतड़ी-बांसियाल वन्य जीव अभयारण्य क्षेत्र में विचरण करने वाले एक हाइना की रविवार को रामकुमार पुरा गांव के पास अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से मौत हो गई। वन विभाग के नाका प्रभारी सत्यवान पूनिया ने डाबला सड़क पर हाइना की मौत होने की पुष्टि की।
दरअसल, सड़क पर मृत अवस्था में पड़े हाइना को देखने के बाद ग्रामीणों ने इसकी जानकारी रामकुमार पुरा बीट प्रभारी अरुण कुमार को दी। सूचना पर विभाग की टीम मौके पर पहुंची। हाइना के शव को कब्जे में लेकर रेंज कार्यालय खेतड़ी ले जाया गया। पशु-चिकित्सकों के मेडिकल बोर्ड ने पोस्टमार्टम करवाकर शव का रेंज परिसर में अंतिम संस्कार करवा दिया।
लोगों का कहना है कि वन्य जीव अभयारण्य क्षेत्र में वन विभाग ने जंगली जानवर तो छोड़ दिए, लेकिन उनकी सुरक्षा के लिए मात्र चार फीट ऊंची चार दीवारी बनाई, जिससे जंगली जानवर आबादी क्षेत्र में घूमते रहते हैं तथा सड़कों पर निकल आते हैं। इसी क्रम में बीते ग्यारह माह में चार हाइना अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से हादसे का शिकार हो चुके हैं।
'पशु चिकित्सकों की मेडिकल बोर्ड की टीम ने मृत हाइना का पोस्टमार्टम किया है। यह नर हाइना है। इसकी उम्र लगभग 6-7 वर्ष थी। प्रथम दृष्टया वाहन की टक्कर से चोट लगने की वजह से हाइना की मौत हुई है।' -डॉ. चंद्र प्रकाश शर्मा, टीम प्रभारी मेडिकल बोर्ड
Updated on:
23 Nov 2025 09:36 pm
Published on:
23 Nov 2025 09:36 pm
