
झुंझुनूं में जिला परिषद के बूथ पर मतदान के बाद स्याही दिखात महिलाएं।
राजस्थान के झुंझुनूं के उप चुनाव 2024 में सुबह मतदान की गति धीमी रही। दोपहर बाद जोरदार उत्साह नजर आया। हर बूथ पर महिलाओं व पुरुषों की कतार लगी रही। क्षेत्र में छिटपुट घटनाओं को छोड़कर मतदान शांतिपूर्ण हुआ। लेकिन आम चुनाव 2023 की तुलना में उत्साह कम नजर आया। वर्ष 2023 में 72.71 प्रतिशत ने मतदान किया था। वहीं उप चुनाव 2024 में 66.14 प्रतिशत ने मतदान किया। इस प्रकार कुल 6.57 प्रतिशत मतदान कम हुआ है, हालांकि उप चुनाव के मतदान प्रतिशत में मामूली बदलाव संभव है। इसी के साथ सभी 11 प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में बंद हो गया। विधानसभा में कौन जाएगा, इसका फैसला 23 नवम्बर को होगा। वहीं शहरों के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी महिलाएं सजधजकर मतदान करने आई। इसके बाद वहां बने सेल्फी पॉइंट पर सेल्फी ली। प्रत्याशियों के साथ जिला प्रशासन व पुलिस के अधिकारी बूथों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे। कई बूथों पर अंतिम समय भी मतदाता पहुंचे। कुलोद गांव में फर्जी मतदान की शिकायत पर थोड़ी देर के लिए विवाद हो गया। बाद में प्रशासन ने मामला शांत करवा दिया। मतदान के बाद समर्थक हार-जीत के कयास व निर्दलीय के वोटों की संख्या पर चर्चा करते नजर आए।
2024 : 66.14
2023: 72.71
2018: 69.82
निर्वाचन आयोग की ओर से नियुक्त सामान्य पर्यवेक्षक सदा भार्गवी ने विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया। जिला निर्वाचन अधिकारी रामावतार मीणा व पुलिस अधीक्षक शरद चौधरी ने भी सुबह मतदान प्रक्रिया प्रारम्भ होने के साथ ही झुंझुनूं शहर के विभिन्न मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदान केन्द्रों पर प्रथम बार मतदान करने वाले मतदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर हौसला अफजाई की। उप चुनाव के लिए 14 सहायक मतदान केंद्रों समेत 263 मतदान केन्द्र बनाए गए थे, जिन्हें अलग-अलग थीम्स पर सजाया गया था। जिला प्रशासन की ओर से मतदान केन्द्रों को आर्मी, ग्रीन, शेखावाटी कल्चर एवं स्पोर्टस थीम पर सजाया गया था। इसी प्रकार विधानसभा क्षेत्र में 8-8 महिला एवं युवा प्रबंधित मतदान केन्द्र तथा 1 दिव्यांगप्रबंधित मतदान केन्द्र संचालित किए गए थे। 145 मतदान केन्द्रों पर लाईववेबकास्टिंग के माध्यम से मॉनिटरिंग की गई, जिसके लिए कलक्ट्रेट, सूचना केन्द्र एवं डीओआईटीकेन्द्र में कंट्रोल रूम स्थापित किये गए थे।
कुल मतदाता = 2,74,698
कुल मतदान = 1,81,685
मतदान प्रतिशत = 66.14%
Updated on:
13 Nov 2024, 10:44 PM IST
Published on:
13 Nov 2024, 10:44 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.