
झुंझुनूं जिले में शादी के लिए सजा हेरिटेज होटल।
अभी तक पर्यटकों व बाॅलीवुड फिल्मों की शूटिंग के प्रसिद्ध मंडावा अब वेडिंग डेस्टिनेशन बन गया है। यहां की जाली झरोखेदारबड़ीबड़ी हवेलियों, महलों, हेरिटेज होटलों व गढ़ में शादी करने के लिए दिल्ली, मुम्बई, गुरुग्राम, जयपुर सहित कई बड़े शहरों से परिवार आ रहे हैं। राजस्थान के झुंझुनूं जिले के मंडावा का शांत वातावरण बड़े शहर वालों को खूब लुभा रहा है। शादी के लिए लोग अब एडवांस बुकिंग करवा रहे हैं। शादी करने वाले जोड़ों को शेखावाटी का अलसीसर, मंडावा व नवलगढ खूब भा रहा है।
एक होटल के मैनेजर अभिषेक के अनुसार शादी के सीजन के लिए उनके यहां एक दर्जन से ज्यादा एडवांस बुकिंग अब से पहले हो चुकी। शादी के लिए पूरा पैकेज दिया जाता है, इसमें रहना, हाई टी, खाना व अन्य व्यवस्थाएं शामिल हैं। डेकोरेशन व अन्य शादी वाले के हाेते हैं। किसी शादी में 200 के लगभग व्यक्ति आते हैं उनको बड़े होटलों में लगभग 45 लाख रुपए का पैकेज तथा छोटे होटलों में पंद्रह से तीस लाख रुपए का पैकेज दिया जा रहा है। इसमें तीन दिन व दो रात शामिल है। इसमें लगभग अस्सी कमरे उपलब्ध कराए जाते हैं। आधे कमरे तीन बेड वाले व आधे कमरे दो बेड वाले होते हैं। शादी वालों की मांग के अनुसार बदलाव भी करते हैं।
होटल के मैनेजर जहीर ने बताया कि बड़ी संख्या में एनआरआई भी शेखावाटी के होटलों में शादी करने आ रहे हैं। उनकी जरूरत के अनुसार अलग-अलग पैकेज हैं। शादी का सीजन शुरू होने से पहले एडवांस बुकिंग हो रही है। पच्चीस से तीस लाख रुपए तक भी पैकेज दिया जा रहा है। वहीं स्थानीय लोगों ने बताया कि शादियां होने से मेहमान लगभग तीन दिन यहां रुकते हैं। ऐसे में वे पूरे दिन होटल में रुकने की बजाय आस-पास घूमने भी जाते हैं और वहां खरीदारी करते हैं। कैटरिंग वालों व हलवाइयों को रोजगार मिल रहा है। खाने-पीने के सामग्री ज्यादा बिक रही है। एडवांस बुकिंग को देखकर लोग मंडावा में हवेलियों को होटल का रूप दे रहे हैं। होटलों की संख्या बढ़ रही है। वहीं पर्यटन विभाग के सहायक निदेशक देवेन्द्र चौधरी ने बताया कि शेखावाटी की हेरिटेज हवेलियां व होटल पर्यटकों को लुभा रही है। शादियां होने से पर्यटन व्यवसाय बढ़ रहा है।
-शादी को यादगार बनाने के लिए अलग हटकर जगह चयनित कर रहे हैं।
-यहां शांति, सुकून व हैरिटेज पसंद आ रहा है।
-बड़े शहरों के इतने बड़े होटलों की तुलना में यहां के हेरिटेज होटल यहां किफायती भी साबित होते हैं।
-कोरोना के बाद अब शादियों में लोग भीड़ को बुलाने की बजाय नजदीक रिश्तेदारों को ही बुला रहे हैं।
-बिना बुलाई भीड़ नहीं आती।
Updated on:
27 Sept 2024 12:02 pm
Published on:
27 Sept 2024 12:02 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
