पुलिस आयुक्तालय की अपराध शाखा एवं जिला उत्तर के विशेष दल ने विद्याधर नगर में नयाखेड़ा स्थित आरआर ड्रीम्स बिल्डिंग के जयपुर बॉयज पीजी हॉस्टल में दबिश दी थी। यहां परीक्षा के प्रश्नपत्र के एक सेट का प्रिंटआउट मिला था। पुलिस ने उक्त पेपर को नजदीक बियानी गर्ल्स कॉलेज में 11 बजे शुरू हुई परीक्षा में पेपर से मिलाया गया तो वह हूबहू मिला। मामले में दो महिला अभ्यर्थी, हॉस्टल के केयरटेकर सहित छह जनों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस आयुक्त आनंद श्रीवास्तव ने बताया कि मौके से प्रिंटर, लेपटॉप, मोबाइल व नकदी जब्त की। अंबाबाड़ी स्थित कोचिंग सेंटर मदर्स एजुकेशन हैब के डाइरेक्टर संदीप नेहरा की भूमिका भी संदिग्ध है। तीन-चार मुख्य आरोपी फरार हैं। परीक्षा में 55 हजार अभ्यर्थी शामिल हुए थे । राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड अध्यक्ष के अनुसार, पुलिस कि ओर से रिपोर्ट पेश किए जाने के बाद ही परीक्षा के संबंध में रद्द करने का निर्णय लिया गया है।