मंत्री ने कहा, नई नीति के तहत देश में 5G सेवाएं साल 2022 तक शुरू होंगी। उन्होंने कहा, 3G और 4G की बस भले ही भारत से छूट गई हो, लेकिन हम 5G की बस नहीं छूटने देंगे। सिन्हा ने कहा, नई नौकरियों के साथ-साथ सरकार का लक्ष्य है कि देश के हर नागरिक को 50 MBPS गति के साथ ब्रॉडबैंड (Broadband Connectivity) सेवाएं दी जाएं। यही नहीं देश की जीडीपी में सरकार इस क्षेत्र की हिस्सेदारी बढ़ाने का भी प्रयास कर रही है। सिन्हा ने कहा, सरकार जीडीपी में दूरसंचार क्षेत्र की हिस्सेदारी पिछले साल के छह फीसदी से बढ़ाकर इस साल आठ फीसदी करना चाहती है। नई नीति से सरकार डिजिटल कम्युनिकेशन के क्षेत्र में 100 अरब डॉलर का निवेश लाना चाहती है। इसके अलावा सरकार का लक्ष्य 2020 तक सभी ग्राम पंचायतों को एक जीबीपीएस गति और 2022 तक 10 जीबीपीएस की कनेक्टिविटी मुहैया कराने की है।