
शेरगढ़(जोधपुर)। अमरपुरा सोइन्तरा के पास रंजिश के चलते पिता-पुत्र को ट्रेलर से कुचल दिया गया। पिता की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उनका बेटा हेलमेट पहने होने से बाल-बाल बच गया, गंभीर रुप से घायल पुत्र को जोधपुर रैफर किया गया है। हैरानी की बात तो ये ही कि पुरानी रंजिश में पिता-पुत्र की जान लेने की कोशिश किसी बाहर वाले ने नहीं बल्कि घर के लोगों ने की है। मामले में गिरफ्तार हुए चार में से तीन हमलावर मृतक के भतीजे बताए जा रहे हैं। जो पूर्व में भी तीन बार उनके बेटे को मारने का प्रयास कर चुके थे। जानकारी के अनुसार देवीगढ़ निवासी लुम्बाराम(65) पुत्र खेताराम चौधरी बुधवार को अपने पुत्र मनोहर कुमार (27) के साथ बाइक पर अमरपुरा सोइन्तरा के एक होटल से कुछ दूरी पर सड़क किनारे खड़े किसी रिश्तेदार का इंतजार कर रहा था। तभी दनदनाते आए एक ट्रेलर के चालक ने उनको रौंद दिया। मनोहर दूर जाकर गिरा। ट्रेलर लुम्बाराम व बाइक को कुचलता हुआ निकल गया। लुम्बाराम की मौके पर ही मौत हो गई। एम्बुलेंस से दोनों को शेरगढ़ सीएचसी लाया गया, जहां चिकित्सक ने लुम्बाराम को मृत घोषित कर दिया व मनोहर को जोधपुर रैफर कर दिया।
रंजिश के चलते कर रहे थे रैकी-
लुम्बाराम से चाचा-ताऊ के लड़के रंजिश रखे हुए थे। दो ट्रेलर बीकानेर से रेत भरकर गुजरात जा रहे थे, लेकिन घटना को अंजाम देने के लिए मंगलवार रात को ट्रेलर को लाकर सोइन्तरा के पास होटल पर खड़ा कर दिया गया। लुम्बाराम व उसका पुत्र वहां खड़े मिले तो ट्रेलर को वापस शेरगढ़ की ओर घुमाकर वारदात को अंजाम दिया गया। लुम्बाराम के दामाद टीकमाराम ने देवीगढ़ निवासी मोतीराम व पप्पूराम पुत्र मानाराम, सुरताराम पुत्र दीपाराम जाट और लोहावट निवासी अचलाराम उर्फ आसूराम पुत्र केसुराम जाट पर ससुर व उसके बेटे को जान से मारने की नीयत से ट्रेलर चढ़ाने का मामला दर्ज करवाया है।
पांच किमी भगाया पुलिस को -
वारदात को अंजाम देकर आरोपी ट्रेलर विष्णु पेट्रोल पंप पर खड़ा कर भाग गए। सूचना मिलते ही थानाधिकारी भवानीसिंह के नेतृत्व में पुलिस की दो टीमें गठित कर उनका पीछा शुरू किया गया। कांस्टेबल जीवनराम विश्नोई ने पद चिन्हों के आधार पर साई गांव के पास रेतीले धोरों से मोतीराम जाट को पकड़ लिया। वहीं हैड कांस्टेबल डालाराम, मुख्य आरक्षी लोकेश कुमार, कांस्टेबल प्रभुलाल, सदामाराम व जीवनराम की टीम ने हनवंत नगर की सरहद में आरोपी अचलाराम व सुरताराम जाट को धर दबोच लिया। सूत्रों के अनुसार आरोपी स्मैक के नशे में थे। वे दो ट्रेलर में सवार हुए। इस दौरान जब एक ट्रेलर का चालक कुछ हिचकिचाया तो दूसरे के चालक अचलाराम ने कहा कि तेरे से नहीं होगा, मैं करता हूं... इतना कहते हुए उसने वारदात को अंजाम दे दिया। पुलिस ने दोनों ट्रेलर जब्त कर लिए है।
Published on:
17 May 2018, 8:52 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.