
child burnt, fire in jodhpur, fire accident, Man Stabbed, threat calls, crime news of jodhpur, jodhpur news
चूल्हे की चिंगारी से झोंपड़े में आग, दो माह का मासूम झुलसा
जोधपुर . चूल्हे की चिंगारी से कुड़ी भगतासनी हाउसिंग बोर्ड थाने के सामने स्थित एक झोंपड़ी में शनिवार देर रात लगी आग से दो माह का मासूम बालक झुलस गया। उसे महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत गम्भीर बताई जाती है। पुलिस व अग्निशमन सूत्रों के अनुसार थाने के सामने व निजी स्कूल के पास झुग्गी झोंपडि़यां हैं। इनमें सुरेश भाट की एक झोंपड़ी में रात करीब दस-साढ़े दस बजे चूल्हा जल रहा था। तभी तेज हवा की वजह से उसमें से चिंगारी निकली और झोंपड़े में आग लग गई। इस दौरान महिला, उसकी डेढ़ साल की पुत्री व दो माह का मासूम पुत्र झोंपड़ी में थे। आग लगते ही महिला घबरा गई। वह तुरंत खड़ी हुई और पुत्री को लेकर बाहर निकल गई। जबकि सो रहा मासूम पुत्र अंदर ही रह गया। आस-पास के लोगों ने पानी डालकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। लपटें कुछ कम होने पर मासूम बालक को बाहर निकाल लिया गया, लेकिन तब तक वह झुलस चुका था। उसे पुलिस व आस-पास के लोगों की मदद से महात्मा गांधी अस्पताल पहुंचाया गया। थानाधिकारी आनंद सिंह राजपुरोहित व उप निरीक्षक मोहम्मद सलीम भी मौके पर पहुंचे। बाद में बासनी स्थित अग्निशमन केन्द्र से एक दमकल मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। तब तक झोंपड़ी पूरी तरह राख हो गई।
-----------
झगड़े का बदला लेने के लिए युवक पर किए थे चाकू से वार
नई सड़क स्थित शराब ठेके के बाहर युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में सदर बाजार थाना पुलिस ने शनिवार रात दोनों भाइयों को गिरफ्तार कर लिया। गत दिनों मोहर्रम पर उपजे झगड़े का बदला लेने के लिए दोनों ने उस पर चाकू से हमला किया था। उप निरीक्षक भगाराम ने बताया कि प्रकरण में मूलत: उदयमंदिर आसन हाल मदीना कॉलोनी में तेलियों की मस्जिद के पास दरगाह चौक निवासी शानू उर्फ शम्सुद्दीन (३०) पुत्र अब्दुल हमीद और उसके भाई वहीद (२२) को गिरफ्तार किया गया है। दोनों भाइयों के उदयमंदिर आसन स्थित पैतृक मकान में छुपे होने की सूचना थी। इस पर हैड कांस्टेबल कमरुद्दीन, नाथूराम और कांस्टेबल मुकेशकुमार ने वहां दबिश देकर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस को बताया कि गत दिनों मोहर्रम पर दोनों भाइयों का कॉलोनी में ही रहने वाले फय्याज से झगड़ा हुआ था, जिसका बदला लेने के लिए गत १४ दिसम्बर को नई सड़क स्थित शराब ठेके के बाहर बैठे फय्याज पर चाकू से हमला किया गया था।
----------
दवा व्यवसायी को धमकाने का एक और आरोपी गिरफ्तार
शास्त्रीनगर थाना पुलिस ने दवा व्यवसायी को जान से मारने की धमकी देकर पांच लाख रुपए मांगने के एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। अब तक तीन आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। वहीं, मारपीट के एक अन्य मामले में शनिवार को एक और आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार प्रकरण में फलोदी थाना क्षेत्र अंतर्गत खारा गांव निवासी मांगीलाल पुत्र मोहनलाल विश्नोई को गिरफ्तार किया गया है। उसे कोर्ट में पेश करने पर दो दिन के रिमाण्ड पर भेजने के निर्देश दिए गए। इससे पहले नरपत व सवाईराम को गिरफ्तार कर के न्यायिक अभिरक्षा में भिजवाया गया था। गौरतलब है कि शास्त्री सर्किल पर दवाइयों की दुकान के संचालक ओमाराम चौधरी को गत माह मोबाइल पर फोन कर के पांच लाख रुपए मांगे गए थे। एेसा न करने पर उसे जान से मारने की धमकियां दी गई थीं। पीडि़त ने शास्त्रीनगर थाने में अवैध वसूली के लिए जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया था।
लैब में घुस कर मारपीट का आरोपी गिरफ्तार
एएसआई मुकेश मीणा ने बताया कि आपसी रंजिश के चलते गत ५ सितम्बर को पीयूष डाइग्नोस्टिक सेंटर में घुस कर काउंटर पर बैठे दिनेश पंवार से मारपीट करने के आरोप में मण्डोर थाना क्षेत्र अंतर्गत अशोक कॉलोनी निवासी अक्षय जावा पुत्र पारस कुमार वाल्मीकि को गिरफ्तार किया गया है। एक अन्य आरोपी की तलाश की जा रही है। मारपीट में शामिल सहीराम को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
Published on:
17 Dec 2017, 10:44 AM IST
बड़ी खबरें
View Allजोधपुर
राजस्थान न्यूज़
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.