
जोधपुर।
राजस्थान में प्लास्टिक बैन के बाद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी अपनी दिनचर्या में से प्लास्टिक सम्बन्धी उत्पादों को आउट कर दिया है। जोधपुर पहुंचे सीएम ने मीडिया से बातचीत में खुद इस बारे में जानकारी दी। सीएम गहलोत ने एक सवाल के जवाब में अपने साथ रखी कांच की बोतल दिखाते हुए कहा कि मैं खुद कांच की बोतल से पानी पीने लगा हूं।
वहीं सीएम ने जर्दा पान मसाला बंद करने को लेकर कहा कि जर्दा गुटखा हानिकारक होता है इसलिए इसे बन्द करना जरूरी था। उन्होंने कहा कि पिछली बार सरकार में थे तब जर्दा वाले गुटखे पर बैन लगाया था।
डूडी की बगावत पर भी बोले गहलोत
गहलोत ने रामेश्वर डूडी के चुनाव में उतरने पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को एकजुट होकर मैदान में उतरना चाहिए था। इस तरह से करना पार्टी के हित में नहीं है। एक अन्य सवाल पर गहलोत ने कहा कि जीतना जरूरी नहीं है बल्कि जीत को पचाना जरूरी है। इसके लिए सबको साथ लेकर चलना होता है। आमजन की आशाओं और अपेक्षाओं पर खरा उतरना पड़ता है। लेकिन अभी देश मे यह माहौल नहीं दिख रहा है।
'कश्मीर मसले पर विपक्ष को साथ ले केंद्र'
गहलोत ने कश्मीर मसले को लेकर भी केंद्र सरकार पर भी ज़बानी हमला बोला। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को विपक्ष को साथ लेकर चलना चाहिए। लेकिन विपक्ष को साथ नहीं लिया जा रहा। सीएम ने कहा, 'हम तो यही चाहते है कि वहां पर रहे शांति का माहौल बना रहे। इसके लिए सरकार को विपक्ष को भी साथ लेकर चलना चाहिए।'
'हमारी लड़ाई विचारधारा की'
जोधपुर में दशहरा मनाने पर सीएम गहलोत ने कहा कि 'मेरा सौभाग्य है कि मैं विजयादशमी पर जोधपुर आया।' उन्होंने कहा कि सभी को साथ लेकर चलना हमारा काम है। आज देश में सेना के पीछे राजनीति हो रही है। हमारी भाजपा और आरएसएस से लड़ाई नहीं है, हमारी विचारधारा की लड़ाई है।
'हार-जीत वक्त बताएगा'
वहीं हरियाणा और महाराष्ट्र चुनाव को लेकर सीएम गहलोत ने कहा, 'हार जीत तो वक्त बताएगा। लेकिन राष्ट्रवाद और धर्म के नाम पर राजनीति ठीक नहीं। देश मे भय का माहौल है। कांग्रेस अपना काम कर रही है।'
Updated on:
7 Oct 2019, 9:55 AM IST
Published on:
7 Oct 2019, 9:54 AM IST
बड़ी खबरें
View Allजोधपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.