
जोधपुर . भाजपा सरकार द्वारा पचपदरा रिफाइनरी के दोबारा शिलान्यास के विरोध में सोमवार दोपहर जोधपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से विरोध रैली का आयोजन किया गया। स्टेशन रोड स्थित कांग्रेस कार्यालय से मण्डोर तक एक आयोजित विशाल वाहन रैली में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेताओं, पदाधिकारियों, युवक कांग्रेस और महिलाओं ने भाग लिया। हाथों पर काली पट्टी बांधकर रैली में शामिल हुए कार्यकर्ता रैली में मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के विरोध में नारेबाजी करते चल रहे थे। रैली तीन विधानसभा क्षेत्र से गुजरते हुए रेलवे स्टेशन रोड, सोजतीगेट, पावटा मुख्य मार्ग होते हुए मंडोर पहुंचकर विसर्जित होगी। कांग्रेस जिलाध्यक्ष सईद अंसारी ने कहा कि अमावस्या के दिन श्रमिक पूरे माह में एक दिन अवकाश रखता है और उस दिन रिफाइनरी का दुबारा शिलान्यास करना पूरी तरह गलत है। सरकार चार साल तक अप्रत्यक्ष रूप से निजी कंपनियों को फायदा पहुंचाया। चार साल विलंब के कारण लाखों लोग रोजगार से वंचित रहना पड़ा।