मौसम विभाग ने यह चेतावनी 18 जून के लिए जारी की है। विभाग का कहना है कि इस दिन नागौर, जयपुर, अजमेर, टोंक और सवाई माधोपुर में अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं जोधपुर, पाली, चुरू, झुंझुनूं, सीकर, अलवर, दौसा और करौली में भारी बारिश हो सकती है। मारवाड़ में गुरुवार दोपहर से ही मौसम में बदलाव आएगा। चक्रवाती तूफान (cyclonic storm biparjoy) का अगले दिन बाड़मेर-जालोर के रास्ते राजस्थान में प्रवेश होगा। इसके चलते मौसम विभाग ने 16 और 17 जून को जोधपुर, बाड़मेर, जालोर और जैसलमेर में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इन चार जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यहां 16 व 17 जून को 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और कुछ स्थानों पर 150 से 200 मिलीमीटर बारिश होने की आशंका है।