
पहले बेटी रिजवाना को कलमा सुनाया और कत्ल कर दिया
पीपाड़सिटी/जोधपुर. चार वर्षीय मासूम रिजवाना के ब्लाइंड मर्डर केस में सनसनीखेज खुलासा हुआ है। उसके पिता नवाब अली ने ही अपनी बेटी रिजवाना को गुरुवार रात कलमा सुनाया और कुर्बानी के नाम पर उसका कत्ल कर दिया। उसके इकबालिया बयान के बाद पुलिस ने उसे गिरफतार कर लिया है।
बेटी मुझे बहुत प्यारी थी
जिला पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) राजन दुष्यंत के अनुसार इस मामले की जांच कर रही पुलिस टीम को पूछताछ के दौरान नवाब अली ने बताया कि मैं नमाजी हूं और इस्ट में विश्वास रखता हूं। मेरी बच्ची रिजवाना मुझे बहुत प्यारी थी। वह ननिहाल गई हुई थी। मैंने उसे गुरुवार को वहां से घर बुलवा लिया। मैंने उसे शहर में घुमाया फल व मिठाई खिलाई। फिर घर आकर अपने परिवार के साथ सो गया। रात को रिजवाना को उठाकर नीचे बरामदे में ले आया। उसे कलमा सुनाया। कलमा सुनाने के बाद मेरे भीतर शैतान हावी हो गया और मैंने उसका कत्ल कर दिया।
मानसिक अवसाद से पीडि़त
पुलिस के अनुसार इसने ये अपराध धार्मिकता के साथ मानसिक अवसाद से ग्रसित होकर किया है। इसने इस्लाम पर खतरे को लेकर अल्लाह की मेहर के लिए अपनी प्रिय चीज कुर्बान करने के इरादे से चार वर्षीय पुत्री को अपने ही हाथों से घर में रखे छुरे से कत्ल कर दिया। आरोपी की मोहल्ले में ही मीट की दुकान है और ये व्यवसाय से भी कसाई है। पुलिस ने इस मामले में परिवार के अलग-अलग लोगों से बात करने के साथ एफएसएल की टीम को मिले साक्ष्यों के आधार पर शनिवार को आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने हत्या के अपराध को कबूल कर लिया।
बयान धर्मविरोधी
नवाब अली के इस बयान के बाद इसे लेकर विवाद खड़ा हो गया है। यहां इस्लाम से जुड़े लोगो ने आरोपी के बयानों को धर्म विरोधी बताते हुए घटना के दूसरे कारणों को छुपाने का आरोप लगाया है। कुरैशी समाज से जुड़े कांग्रेसी नेता अबुल कुरैशी ने आरोपी के बयानों की कड़े शब्दों में निंदा की। मौलवी इंसाफ अली ने हत्या के आरोपी पिता की ओर से दिए बयान को इस्लाम विरोधी बताते कहा कि इस्लाम धर्म में इंसान की कत्ल करना धर्म के विरुद्ध है।
यह है मामला
गौरतलब है कि नवाब अली कुरैशी अपनी पत्नी व दो पुत्रियों के साथ घर की छत पर सोया था। रात्रि करीब तीन बजे उसकी पत्नी शबाना की आंख खुली तो बड़ी पुत्री चार वर्षीय रिजवाना पास में नहीं मिली। उसने इधर-उधर देखा तो छत पर ही खून से सनी पुत्री पर नजर पड़ी। उसकी चार वर्षीय बालिका का गला रेंतकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
Published on:
10 Jun 2018 12:55 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
