
राजस्थान के जोधपुर के प्रतापनगर स्थित एक निजी विद्यालय में शिक्षिका के साथ मिलने पर गुस्साए शिक्षिका के परिजन ने स्कूल संचालक की पिटाई कर दी। संचालक के कपड़े भी फाड़ दिए गए। शिक्षिका व अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर छुड़ाया। प्रतापनगर सदर थाना पुलिस ने शिक्षिका के पति व भाई को शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार किया।
उप निरीक्षक देवाराम ने बताया कि प्रतापनगर में एक निजी विद्यालय है। गर्मी की छुट्टियां होने से अध्ययन कार्य नहीं हो रहा है, लेकिन संचालक स्कूल में नए सत्र में प्रवेश को लेकर काम कर रहा था। एक शिक्षिका भी समर कैम्प के कामकाज को लेकर स्कूल आई। स्कूल में दोनों के अलावा और कोई नहीं था। कुछ ही देर में शिक्षिका का पति व भाई स्कूल पहुंच गए।
स्कूल संचालक व शिक्षिका को अकेला पाकर दोनों आगबबूला हो गए। वे इतना गुस्सा हो गए कि संचालक को कार्यालय में ही पकड़ लिया और मारपीट शुरू कर दी। दोनों ने संचालक के कपड़े फाड़ दिए और फिर मारपीट की। इससे वहां हो-हल्ला मच गया। शिक्षिका ने मदद के लिए आवाज लगाई और बीच-बचाव के प्रयास किए।
यह वीडियो भी देखें
कुछ देर बाद आस-पास के लोग आए। वे संचालक को बाहर पकड़कर बाहर ले गए, जहां और मारपीट की। बाद में शिक्षिका व अन्य लोगों ने संचालक को छुड़ाया। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शिक्षिका के पति व भाई को शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार किया। इस संबंध में दोनों पक्षों की ओर से कोई एफआइआर दर्ज नहीं कराई गई है। हालांकि शिक्षिका ने पति व भाई के खिलाफ धक्का-मुक्की करने की लिखित शिकायत दी है।
Updated on:
04 Jun 2025 10:06 pm
Published on:
04 Jun 2025 10:06 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
