
मृतक बिल्डर जसवंत जैन
जोधपुर/शिवगंज। जोधपुर के प्रॉपर्टी डीलर व बिल्डर जसवंत जैन की शिवगंज में कानाकोलर के समीप जमीन विवाद में कुल्हाड़ी से सिर पर वार से हत्या के मामले में शिवगंज थाना पुलिस ने मंगलवार को दो और आरोपियों को पकड़ा। अब तक चार जने पकड़े जा चुके हैं। उधर, शिवगंज अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंपा गया।
गौरतलब है कि सोमवार शाम पांच बजे काना कोलर के समीप जमीन विवाद को लेकर जोधपुर के प्रॉपर्टी डीलर व बिल्डर मूलत: समदड़ी हाल भास्कर नगर निवासी जसवंत जैन व दो साथियों पर तीन चार जनों ने कुल्हाड़ी व लाठियों से हमला कर दिया था। एक अन्य साथी किसी तरह बचकर भाग गया। हमले में जसवंत जैन की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उनके दो साथी घायल हो गए। जिनका उपचार जारी है। हमले में गंभीर घायल हनुमान चौधरी के पर्चा बयान के आधार पुलिस ने चार जनों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
मंगलवार की सुबह एएसपी पीडी धानिया भी शिवगंज पहुंचे और अधिकारियों से मामले की जानकारी ली। वारदातस्थल का मुआयना भी किया।
पुलिस उपाधीक्षक पुष्पेंद्र वर्मा के नेतृत्व में सीआई बाबूलाल राणा की टीम ने वारदात के कुछ ही देर में तीन आरोपियों को डिटेन किया था। मुख्य आरोपी पहाड़ी क्षेत्र की तरफ फरार हो गया था। रातभर पुलिस ने कई जगह दबिशें दी। आखिरकार पुलिस ने उसे भी डिटेन कर लिया। इनसे गहन पूछताछ की जा रही है। मृतक के परिचितों को अंदेशा है कि हत्या की वजह कुछ और भी हो सकती है। बिल्डर ने क्षेत्र में कई जमीनों में निवेश किया था। अधिकांश प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री अन्य लोगों के नाम से करवाई हुई है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार जैन के सिर पर तीन गंभीर चोटें पाई गई है। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। उनकी पीठ पर भी चोट के निशान मिले हैं। पुलिस ने मंगलवार को चश्मदीद के बयान दर्ज कर घटना स्थल का बारीकी से मुआयना किया और खून सहित आवश्यक सैंपल लिए।
वारदात से जैन समाज में तीव्र रोष व्याप्त है। समग्र जैन समाज संस्थान की आपात बैठक के बाद कानराज मोहनोत व सोहन मेहता ने हत्या पर रोष व्यक्त किया। उन्होंने सभी हत्यारों और साजिश में शामिल अन्य को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। साथ ही पूरे मामले की उच्च स्तर के अधिकारी से निष्पक्ष जांच की मांग भी की। बैठक में दीपक गोधा, अजय जैन, प्रवीण कुम्भट ने भी आरोपियों की गिरफ्तारी व निष्पक्ष जांच की मांग की। अन्य जैन समाज की ओर से आंदोलन की चेतावनी भी दी।
Updated on:
14 May 2025 12:19 pm
Published on:
14 May 2025 12:19 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
