
जोधपुर। हैकर्स और ऑनलाइन काम के बहाने ठगी करने वालों ने एक बार फिर से शहर के एक व्यक्ति की मेहनत की गाढ़ी कमाई उड़ा ली। ठगों ने 4 दिन में ही 16 लाख रुपए ऐंठ लिए। पीड़ित को अमेजन कम्पनी में मार्केटिंग का टास्क पूरा करना था। वह अधिक पैसा कमाने के चक्कर में आता गया और आखिर लालच 16 लाख रुपए ले डूबा। पुलिस के अनुसार यह पैसा मुम्बई, चैन्नई और पश्चिमी बंगाल के बैंक खातों में जमा किया गया है। हैकर्स के विदेश में बैठे होने की आशंका है। देवनगर थानाधिकारी जयकिशन सोनी के अनुसार नरपत नगर पाल रोड निवासी विकास सुथार पुत्र बाबूलाल सुथार ने ऑनलाइन ठगी का मामला दर्ज कराया है।
ऐसे लिया झांसे में
- विकास के पास 15 जून को मोबाइल पर कॉल आया कि अमेजन कंपनी में मार्केटिंग का काम करने पर अच्छा लाभांश मिलेगा।
- लालच पैदा करने के लिए ठगों ने विकास को खरीददारी के लिए टास्क दिया जो काफी आसान था।
- विकास ने आसानी से 6 टास्क पूरे किए तो उसके खाते में 300 रूपए आ गए। इसके बाद अन्य टास्क पूरे होने पर उसके खाते में 10-15 हजार रूपए आए। यहीं से विकास का लालच बढ़ा और वह ठगों के चंगुल में आ गया।
शुरू में खाते में पैसे आने से विकास खुश हुआ। उत्साही विकास को ठगों ने फिर टेलीग्राम पर टास्क सौंपा और 30 प्रतिशत अतिरिक्त लाभांश का लालच दिया। यहां उसने पहले 20 हजार, फिर 1.50 लाख और बाद में 1.50 लाख रुपए और लगाए। टास्क का समय निकलने का बहाना करके उससे 3 लाख रुपए और ठगे। सारा पैसा 30 फीसदी लाभांश के साथ लौटाने और रकम को दुगुनी कर लगाने का लालच देने पर उसने अंतिम बार 5 लाख और लगाए। विकास ने 15 से 18 जून के मध्य 16 लाख रुपए ठगों के कहे अनुसार उनके बैंक खातों में ऑनलाइन जमा करा दिए। पैसा नहीं आते देख उसे टास्क बंद कर दिया तब उसे खुद के ठगे जाने का अहसास हुआ।
Published on:
23 Jun 2023 01:31 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
