25 अक्टूबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

मोदी के ‘सपने’ को साकार करेंगे शेखावत, मंत्रालय आवंटन होने के तत्काल बाद ग्रहण किया पदभार

जल संसाधन, नदी विकास और ड्रिन्किंग वाटर जैसे मंत्रालयों को मिलाकर बनाया नया मंत्रालय, शेखावत इसके पहले मंत्री  
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

जोधपुर

•

image

Harshwardhan Singh Bhati

•

Updated: 1 Jun 2019, 11:12 AM IST

lok sabha elections 2019

मोदी के ‘सपने’ को साकार करेंगे शेखावत, मंत्रालय आवंटन होने के तत्काल बाद ग्रहण किया पदभार

जोधपुर. चुनाव प्रचार की रैलियों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक वादा किया था कि वे जल समस्याओं के समाधान और देश के प्रत्येक व्यक्ति को स्वच्छ पानी पिलाने के लिए जल शक्ति मंत्रालय का गठन करेंगे। शुक्रवार को जब मंत्रियों को विभागों का बंटवारा हुआ तो मोदी के इस ड्रीम प्रोजेक्ट की जिम्मेदारी जोधपुर सांसद और केबिनेट मंत्री गजेन्द्रसिंह शेखावत को दी गई। शेखावत ने मंत्रालय आवंटन होते ही कुछ ही देर में अपना पदभार संभाला और अधिकारियों के साथ बैठक भी की।

जल शक्ति मंत्रालय का गठन दो मंत्रालय को मिलाकर किया गया है। मोदी सरकार 2.0 में अब जल संसाधन, नदी विकास और गंगा संरक्षण मंत्रालय को पेयजल व स्वच्छता मंत्रालय के साथ जोड़ दिया गया है। जिसे जल शक्ति मंत्रालय नाम दिया गया है। इस मंत्रालय के पहले मंत्री के रूप में शेखावत ने पदभार संभाला है। इन पर मोदी सरकार के इस चुनावी वादे को पूरा करने के साथ गंगा संरक्षण व लोगों को साफ पानी पिलाने की जिम्मेदारी भी होगी। मोदी सरकार 1.0 में जो काम शेखावत ने कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री के तौर पर किया था उससे प्रभावित होकर ही प्रधानमंत्री मोदी व भाजपा ने शेखावत को यह जिम्मेदारी दी है। बाड़मेर सांसद कैलाश चौधरी को इस बार कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री बनाया गया है। जो पिछली मोदी सरकार में शेखावत के पास था।


जोधपुर से दिल्ली पहुंचे कार्यकर्ता

शेखावत के केबिनेट मंत्री बनने के बाद कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ गया। पहले शपथ ग्रहण वाले दिन और फिर पोर्ट फोलियो आवंटन के समय भी कई कार्यकर्ता दिल्ली स्थित शेखावत के निवास पहुंचे। पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र जोशी, महेन्द्र मेघवाल, अतुल भंसाली सहित अन्य नेताओं ने मुंह मीठा करवा खुशी मनाई।


यों समझें ‘जल शक्ति’ की शक्तियां

- अभी शेखावत के सामने सबसे बड़ी शक्ति यह है कि दो मंत्रालय के सभी अधिकारी मिलकर काम करेंगे। चाहे वह किसानों के लिए खेतों तक पानी पहुंचाना हो या घरों तक लोगों को स्वच्छ पानी।
- नया मंत्रालय है इसलिए करने के लिए बहुत कुछ है। यदि मोदी व संगठन की नजर में अच्छा काम होता है तो शेखावत का केन्द्र में कद और बढ़ सकता है।

चुनौतियां भी कम नहीं

- चूंकि नया मंत्रालय और पीएम मोदी का ड्रीम प्रोजेक्ट है, ऐसे में जल्द से जल्द मंत्रालय का काम समझना और उसे जल्द पटरी पर दौड़ाना है।
- गंगा स्वच्छता को लेकर विवाद और आरोप लगते रहे हैं, लेकिन अब गंगा संरक्षण को लेकर चुनौती पूर्ण काम करना होगा।
- सिंचाई के पानी के लिए किसानों के आंदोलन होते रहते हैं। अब समान जल वितरण को बेहतर करने की चुनौती होगी।
- कई ग्रामीण क्षेत्र व ढाणियो में लोगों को स्वच्छ पेयजल नहीं मिल पा रहा है। मोदी के वादे के अनुसार घर तक पाइप लाइन से पानी पहुंचाना होगा।
- राज्यों के बीच जल विवाद को सुलझाना बड़ी चुनौती रहेगी। जिसमें पंजाब-हरियाणा, राजस्थान, कर्नाटक और तमिलनाडु जैसे राज्यों के बीच जल बंटवारे को लेकर विवाद है।
- पाकिस्तान जा रहे तीन नदियों के पानी को रोका नहीं जा सका है। यह भी एक चुनौती होगी।


मारवाड़ को बड़ी उम्मीद

राजीव गांधी लिफ्ट केनाल के तीसरे चरण का प्रस्ताव राज्य सरकार ने बनवाकर भिजवा दिया है। अब केन्द्र सरकार से अनुमोदन और फिर एडीबी से फंडिंग का इंतजार है। ऐसे में जोधपुर, पाली और बाड़मेर समेत मारवाड़ के अन्य इलाकों को शेखावत से काफी उम्मीदें हैं। शहर के भूजल समस्या के समाधान के लिए भी अब मंत्रालय से उम्मीद रहेगी।

जोधपुर की जनता उम्मीदों की हकदार: शेखावत
जल शक्ति मंत्री गजेन्द्रसिंह शेखावत से पत्रिका की बातचीत

सवाल - इतनी बड़ी जिम्मेदारी मिली है, इसे कैसे देखते हैं?
जवाब - पार्टी नेतृत्व का और सरकार के नेता दोनों का आभार जताता हूं।

सवाल - जोधपुर और राजस्थान की जल समस्या के समाधान को लेकर कोई प्लान?
जवाब - सभी काम करेंगे। अभी एक-दो दिन में अधिकारियों से ब्रीफिंग लूंगा। जल्द ही पूरा खाका बनाएंगे।

सवाल - जोधपुर को आपसे काफी उम्मीदें हैं?
जवाब - बिल्कुल, जोधपुर की जनता इस बात की हकदार है। सबकी उम्मीदों पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे।

शेखावत के मंत्री पद ग्रहण करने लगाया 21 किलो लड्डू का भोग
जोधपुर सांसद गजेन्द्रसिंह शेखावत के जल शक्ति मंत्रालय में पदभार ग्रहण करने पर भीतरी शहर के हनुमान चौक में 21 किलो लड्डू का भोग लगाया गया। इस मौके पर पार्षद सुरेश जोशी, अशोक व्यास, राजेन्द्र बोहरा, मनीष पुरोहित, राजेश्वर जोशी, राकेश व्यास मौजूद रहे। सूरसागर विधायक सूर्यकान्ता व्यास ने भी शेखावत को मंत्री पद ग्रहण करने पर बधाई दी। उन्होंने इसे जोधपुरवासियों के लिए गौरव की बात बताया।