
जोधपुर . राजस्थान हाईकोर्ट में जस्टिस जीके व्यास व जस्टिस रामचंद्रसिंह झाला की खंडपीठ में महेंद्र लोढ़ा बनाम सीएस राजन मामले की सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान खंडपीठ ने जेडीए, नगर निगम, पीडब्ल्यूडी, एनएचआई और टै्रफिक पुलिस अधिकारियों की ओर से पूर्व में जारी निर्देशों की पालना नहीं करने पर खिंचाई की। खंडपीठ ने नए हाईकोर्ट भवन जाने वाले वैकल्पिक मार्ग के तौर पर सुझाए गए रेजीडेंसी डिस्पेंसरी से पीली टंकी तक के मार्ग को फोरलेन बनाने के कार्य में ढिलाई पर नाराजगी जताई।
—
ना आरओबी तैयार, ना मल्टी आरओबी की सर्विसलेन चौड़ी
खंडपीठ ने इसके साथ ही अधिकारियों से सारणनगर आरओबी की धीमी निर्माण गति पर नाराजगी जताते हुए इसके कार्य में तेजी लाने का आदेश दिया। वहीं रिक्तिया भैरूजी मल्टीलेवल आरओबी के पास से गुजरने वाली सर्विसलेन चौड़ी करने काप्रोजेक्ट अब तक कोर्ट में पेश नहीं करने पर भी खेद जताया।
तीन माह पहले रिंग रोड की बिड हो चुकी
खंडपीठ में यह भी प्रश्न उठा कि डांगियावास होकर चोखा जाने वाली रिंग रोड, जो हाईकोर्ट के नए भवन के सामने से होकर गुजरती है, उसके बारे में 19 दिसम्बर 2017 को बिड फाइनल होने और कार्य भी 31 मार्च 2018 से पहले पूरा होने का दावा किया गया था, लेकिन वहां पर कार्य अब तक शुरू ही नहीं हो सका है। खंडपीठ ने अधिकारियों को काजरी के पास जमीन अवाप्त करने सहित सड़कों पर नो पार्र्किंग में खड़े वाहन जब्त करने का भी आदेश दोहराया। याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता अशोक छंगाणी, जब कि जेडीए की ओर से एएजी राजेश पंवार के सहयोगी सुनील जोशी ने पैरवी की। सुनवाई के दौरान जेडीए के उपायुक्त, एसटीपी अनिल माथुर, ट्रैफिक पुलिस अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निर्मला विश्नोई और आरटीओ की ओर से सीमा भाटी मौजूद रहीं।