
जोधपुर . जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय के बीकॉम प्रथम वर्ष में अध्ययनरत करीब डेढ़ सौ से अधिक छात्र-छात्राओं को विवि ने अब तक अतिरिक्त फीस नहीं लौटाई है। इसको लेकर शुक्रवार को छात्रों ने वाणिज्य संकाय में प्रदर्शन किया और संकाय अधिष्ठाता को ज्ञापन देकर फीस लौटाने की मांग की।
विवि में बीकॉम प्रथम वर्ष में सामान्य सीटों के साथ स्ववित्त पोषित आधार पर भी प्रवेश दिया है, जब सामान्य सीटों पर आवेदन करने वाले छात्र प्रवेश नहीं लेते हैं तो स्ववित्त पोषित छात्रों को सामान्य सीटों पर स्थानांतरित कर दिया जाता है। छात्र नेता बबूल सोलंकी ने बताया कि सामान्य सीट पर फीस 3000 और स्ववित्त पोषित सीट पर करीब आठ हजार है। विवि ने करीब डेढ़ सौ छात्रों को सामान्य सीट पर बाद में स्थानांतरित कर दिया। एेसे में प्रत्येक छात्र के करीब पांच हजार रुपए विवि एक साल से रोककर बैठा है। प्रदर्शनकारी छात्रों ने इस मामले में संकाय में नियुक्त कैशियर के विरुद्ध भी शिकायत की। अधिष्ठाता प्रो. जसराज बोहरा ने छात्रों को शीघ्र ही अतिरिक्त फीस लौटाने का आश्वासन दिया।