
smart dustbins to be installed in Jodhpur
पूर्णिमा बोहरा. नगर निगम जल्द ही शहर में स्मार्ट डस्टबिन लगा रहा है। निगम इसके लिए कम्पनी को ऑर्डर दे चुका है। डस्टबिन लगाने के लिए निगम भूमि पूजन की तैयारी में है। शहर के मुख्य स्थानों पर जीएसएम सिम से जुड़े यह डस्टबिन लगाए जा रहे हैं। इसकी मुख्य विशेषता यह है कि डस्टबिन के भरते ही उसमें लगी सिम के माध्यम से संबधित अधिकारी के मोबाइल पर मैसेज चला जाएगा। मैसेज आते ही गाड़ी वहां पहुंचकर बिन खाली कर देगी। बेंगलूरु की कम्पनी डस्टबिन का इंस्टॉलेशन करेगी।
35 स्थानों पर लगेंगे
स्मार्ट बिन शहर में 35 स्थानों पर लगेंगे। प्रथम चरण में तीन स्थानों पर डस्टबिन लगाए जा रहे हैं। शहर के तीनों जोन सरदारपुरा, शहर विधानसभा व सूरसागर में एक-एक स्थान, जिसमें शास्त्री सर्किल, बोम्बे मोटर चौराहा व नागौरी गेट पर स्मार्ट डस्टबिन लगाए जाएंगे।
जीएसएम सिम लगी होगी
स्टील से निर्मित डस्टबिन का कंटेनर वाला हिस्सा भूमिगत और आधा हिस्सा बाहर होगा। बाहरी हिस्से में कचरा डाला जाएगा। डस्टबिन पर जीएसएम सिम लगी होगी, जिससे ऑटोमेटिक मैसेज गाड़ी ड्राइवर, कम्पनी के अधिकारी व निगम अधिकारी के मोबाइल पर जाएगा। मैसेज में समय भी लिखा होगा। डस्टबिन खाली होने का मैसेज भी जाएगा। निगम कार्यालय में कंट्रोल रूम बनेगा जो वॉच करेगा। डिब्बा के पास पड़े कचरे की मॉनिटरिंग होगी। इसके लिए अलग कर्मचारी नियुक्त होगा। डस्टबिन सप्ताह में दो बार धुलेंगे। इसमें कीटनाशक डाला जाएगा।
बिन खाली करने का भी विशेष वाहन
बिन खाली करने के लिए कम्पनी जीपीएस ट्रैकिंग लगी विशेष गाड़ी उपलब्ध करवाएगी, जो पूरी कवर्ड होगी। गाड़ी कॉम्पेक्टर लगा होगा, जो कचरा प्रेस करेगा। डस्टबिन खाली होते ही कॉम्पेक्टर कचरे को दबाकर नीचे कर देगा ।
लीकेट टैंक की अलग व्यवस्था
कचरे से डस्टबिन में नमी बन जाती है और यह नमी कचरा खाली करने के साथ गाड़ी में शिफ्ट हो जाती है। इस नमी में उच्च स्तर के बैक्टीरियां होते हैं। अब तक यह लीकेट सड़क पर फैलता था, लेकिन इस वाहन में लीकेट के लिए अलग से टैंक की व्यवस्था होगी। लीकेट का उपयोग खाद बनाने मे किया आएगा।
अगले माह तक लगेंगे
स्मार्टबिन का ठेका दे चुके हैं। अगले माह तक लग जाएंगे। गुरुवार को तीनों जोन में एक-एक स्थान पर बिन लगाने के लिए भूमि पूजन किया जाएगा। -घनश्याम ओझा, महापौर नगर निगम
Published on:
16 Nov 2017, 12:41 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.