
जोधपुर. मानसून के देश के उत्तरी-पश्चिमी भाग में सक्रिय होने से बीते 24 घण्टे में प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से तेज बरसात हुई। बिलाड़ा में 76 मिलीमीटर पानी बरसा। पाली के सोजत में चार इंच व कई बांधों में झमाझम बारिश हुई। नागौर जिले के अधिकांश हिस्सों में बरसात के समाचार हैं। मौसम विभाग के अनुसार जोधपुर और उसके आसपास के क्षेत्र में बारिश का मौसम बन गया है। शनिवार से बरसात शुरू होने की उम्मीद है। अगले एक दो दिन में बरसात की तीव्रता बढ़ती जाएगी।
सूर्यनगरी में शुक्रवार भोर से ही बरसाती मौसम बना हुआ था। सुबह-सुबह छींटे भी गिरे लेकिन बरसात के लिए अनुकूल परिस्थिति नहीं मिलने से दोपहर से बादल बिखरना शुरू हो गए। न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री रहने से सुबह मौसम सुहाना रहा। दिन चढऩे के साथ उमस बढ़ती गई। दोपहर में अत्यधिक नमी होने से तापमान 36 डिग्री रहने के बावजूद उमस के मारे लोगों को हाल बेहाल हो गया। शाम को तेजी उमस बनी रही। जिले के ग्रामीण हिस्सों में भी ऐसा ही मौसम रहा। कुछ गांवों में बरसात के समाचार हैं।
जैसलमेर, बाड़मेर, जालोर और सिरोही के अधिकांश हिस्से सूखे रहे। पाली के अधिकांश हिस्सों में हल्की से लेकर मूसलाधार बारिश हुई। जैसलमेर में रात का तापमान 27.8 और दिन का 40.9 डिग्री मापा गया। बाड़मेर में न्यूनतम तापमान 27.4 व अधिकतम 38.6 डिग्री मापा गया।
कहां-कितनी बरसात
स्थान ——— बारिश
बिलाड़ा ———76
पाली ———52
बाली ———11
जैतारण ———24
सोजत ———112
सरदारसमंद बांध ———81
हेमावास बांध ———33
रायपुर ———45
फुलाव बांध ———75
रोहट ———10
सुमेरपुर ———4
रानी ———5
आहोर ———13
डीडवाना ———105
मेड़ता सिटी ———27
मूण्डवा ———40
कुचामन सिटी ———25