
जोधपुर। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष सचिन पायलट ने केन्द्र सरकार से सरहदों पर पड़ोसी की ओर से लगातार किए जा रहे हमलों के मद्देनजर माकूल जवाब देने की मांग की है। सचिन पायलट जाेधपुर जिले के खुडियाला गांव में जाट रेंजीमेंट के जवान शहीद गणपत राम कडवासरा को श्रद्धांजली देने से पूर्व एयरपाेर्ट पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हमारी सरहदों पर पिछले साल भर से पड़ोसी द्वारा आक्रमण किए जा रहे हैं। उसका जवाब देने का समय अब आ गया है।
सचिन पायलट ने कहा कि सरहदों की सुरक्षा के लिए सरकार द्वारा उठाए जाने वाले हर कदम का कांग्रेस समर्थन करने को तैयार है। उन्होंने कहा कि सरहदों पर हमारे जवानों को जिस तरह से लक्ष्य कर हमला किया जा रहा है उसका जवाब सरकार को कभी न कभी देना ही पड़ेगा। ऐसे में सरकार को सरहदों की सुरक्षा को देखते हुए ठाेस कदम उठाना चाहिए। पायलट बाद में शहीद गणपत राम के आवास पर गए और जवान के परिजनों को ढांढस बंधाया।
इसके बाद वह हाल ही बदमाशों की गोली से मारे गए वासुदेव के आवास पर भी गए और उनके परिजनों को सांत्वना दी। रविवार को जम्मू के तंगधार सेक्टर में पाकिस्तान की तरफ से गोलीबारी में ओसियां तहसील के खुड़ियाला गांव निवासी गणपत राम कड़वासरा को गोली लग गई। अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। गांव में उनकी शवयात्रा में बड़ी संख्या में लाेग शामिल हुए।
शवयात्रा शुरू होते ही लोगों ने जब तक हिन्दुस्तान रहेगा गणपत तेरा नाम रहेगा के नारों से माहौल में जोश भर दिया। उनका अंतिम संस्कार घर के निकट ही खेत में किया गया। अंतिम संस्कार से पूर्व शहीद की पत्नी और मां अंतिम बार उसके दर्शन करने आई तो वहां खड़े सभी लोग अपने आंसू नहीं रोक पाए। दो दिन से अपने आंसुओं को रोक रहे शहीद के पिता और भाई भी फफक उठे।
Published on:
28 Sep 2017, 5:42 PM IST
बड़ी खबरें
View Allजोधपुर
राजस्थान न्यूज़
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.