
व्रतियों ने लगाई आस्था के कुंड में श्रद्धा की डुबकी पूर्वांचल के लोगों ने उत्साह से मनाया प्रसिद्ध छठ पर्व
व्रतियों ने लगाई आस्था के कुंड में श्रद्धा की डुबकी
पूर्वांचल के लोगों ने उत्साह से मनाया प्रसिद्ध छठ पर्व
दिखी बिहारी संस्कृति की झलक
बासनी (जोधपुर). लोक आस्था का महापर्व छठ त्योहार गुरुवार को बासनी क्षेत्र में कई जगहों पर धूमधाम से मनाया गया। आस्था व भक्ति के पर्व के अवसर पर बिहार, उत्तरप्रदेश, झारखंड सहित विभिन्न राज्यों के लोगों ने छठ माता को याद कर सुख समृद्धि की कामना की। इस दिन भगवान सूर्य की पूजा की जाती है। इस अवसर पर जिन इलाकों में खासतौर पर जहां बिहार के लोगों की संख्या बहुतायात में है, वहां मेले सा माहौल दिखाई दिया। पर्व को लेकर लोगों की खुशी देखते ही बन रही थी। शायद यही कारण रहा कि आयोजन समिति की ओर से बनाए गए पूजा स्थल पर पैर धरने जितनी जगह भी नहीं बची थी। लोगों को देखकर लग रहा था जैसे पूरा बिहार इस पर्व की खुशियां मनाने पहुंच गया हो। वहीं अतिशबाजी के शोर से दीवाली का अहसास होने लगा।
सज-धज कर आर्इं महिलाएं
आराध्य छठ माता के पर्व को लेकर उत्साहित व्रती महिलाएं सज-धज कर छठ पूजा के लिए बनाए गए पूजा स्थल तक पहुंची। बालक हो या जवान हर कोई रंग बिरंगे कपड़ों में भक्ति का भाव दर्शाते दिखाई दिए। महिलाओं ने इस दौरान पानी के बनाए अस्थाई कुंड में स्नान कर सूरज भगवान को अध्र्य दिया। साथ ही सूरज के समान तेज प्राप्त करने की भी मंगल कामना की। इस अवसर पर महिलाओं ने पारंपरिक भोजपुरी भजनों से माहौल में भक्ति की मिठास घोल दी।
ढोल की धमक पर बिखरी चमक
बासनी द्वितीय फेज स्थित इंदिरा नगर में छठ पर्व के अवसर पर विशेष तौर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अस्थाई छठ प्रतिमा को रंग बिरंगी लाइटों से सजाया गया। समिति के कन्हैयालाल, मनोज कुमार ने बताया कि इस अवसर पर उपस्थित भक्तों ने मंत्रोचार के माध्यम से छठ मैया की पूजा अर्चना कर खुशहाल व मंगल जीवन की कामना की। भक्तों ने छठ मैया को फल, फूल, गन्ना, मिष्ठान आदि का भोग लगाया।
यहां भी हुए आयोजन
छठ पर्व के अवसर पर बासनी क्षेत्र के कुड़ी, सांगरिया, मधुबन श्रमिक कॉलोनी, संजय कॉलोनी, केके कॉलोनी, रामेश्वर नगर में विभिन्न प्रकार के आयोजन किए गए। मधुबन स्थित जगदंबा मंदिर में छठ पर्व महोत्सव समिति की ओर से मंदिर परिसर में बनाए अस्थाई घाटों की पूजा अर्चना की गई। समिति के अनूप कुमार तिवारी ने बताया कि कार्यक्रम में मुख्य अतिथि स्थानीय पार्षद रेंवत सिंह इंदा, कुड़ी सरपंच देवी सिंह सिसोदिया, नरपत सिंह थे। इस अवसर पर संजय शर्मा, आलोक कुमार तिवारी, अजय साहू, विक्की, सूरज, राकेश गौड़ मौजूद रहे। इसी तरह मधुबन सेक्टर ३ में आयोजित कार्यक्रम में मथुरा दुबे, जगदीश सिंह, ओमप्रकाश दाधीच, दिनेश दुबे, सुरेंद्र मेवाड़ा आदि उपस्थित रहे। श्रमिक कॉलोनी में आयोजित कार्यक्रम में उदय कुमार, जितेंद्र शर्मा, शुभम यादव, मनीष कुमार यादव सहित गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में महापौर घनश्याम ओझा भी पहुंचे।
Published on:
27 Oct 2017 02:48 pm
बड़ी खबरें
View Allजोधपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
