
मां के पास सोए 5 माह के मासूम का अपहरण, उद्यान में छुपाया...
जोधपुर।
पुलिस के अत्याधुनिक अभय कमाण्ड एण्ड कन्ट्रोल सेंटर के सामने फुटपाथ पर मजदूरी दिलाने और मोबाइल को लेकर उपजे विवाद के बाद एक युवक ने मां के पास सोए पांच महीने के मासूम बालक का मंगलवार सुबह छह बजे अपहरण कर लिया। उदयमंदिर थाना पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के आधार पर तलाश कर दो घंटे में पावटा सर्कल से युवक को पकड़ लिया और महावीर उद्यान में छुपाए मासूम को दस्तायाब कर परिजन को सौंपा।
उप निरीक्षक मनोज मीणा ने बताया कि मध्यप्रदेश में गुना जिले के गादेर निवासी मनोज पुत्र कमल सिंह बंजारा अपनी पत्नी गुड्डुी के साथ अभय कमांड एण्ड कन्ट्रोल सेंटर के सामने फुटपाथ पर रहता है। पति-पत्नी कमठा मजदूरी करते हैं। खारिया मीठापुर निवासी कालूराम बावरी सोमवार रात फुटपाथ पर आया और स्थाई मजदूरी दिलाने के बारे में बातचीत करने लगा। इस बात के साथ ही मोबाइल को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। तकरार के बाद कालूराम वहां से नाराज होकर चला गया। इस बीच, मंगलवार सुबह छह बजे वह फुटपाथ पर आया, जहां मनोज व उसकी पत्नी बच्चे के साथ सो रहे थे। गहरी नींद में होने का फायदा उठाकर कालूराम मनोज के पांच महीने के पुत्र रिंकेश का अपहरण कर ले गया। कुछ देर बाद पति-पत्नी की आंख खुली तो पुत्र नजर नहीं आया। दोनों ने तलाश की, लेकिन पुत्र नहीं मिला। तब वो थाने पहुंचे और मामला दर्ज कराया।
पुलिस ने अभय कमाण्ड एण्ड कन्ट्रोल सेंटर के सीसीटीवी फुटेज चेक किए। जिसमें सुबह छह बजे कालूराम मासूम का अपहरण कर ले जाते नजर आ गया। वह राइकाबाग रेलवे स्टेशन की तरफ जाता नजर आया। इसके बाद कैमरे न होने से वह आगे नहीं आया। पुलिस ने तलाश शुरू की तो पावटा सर्कल के पास घूमते कालूराम को पकड़ लिया। थाने लाकर पूछताछ करने पर उसने मासूम का अपहरण करने और उसे महावीर उद्यान में छुपाकर रखने की जानकारी दी। पुलिस तुरंत उद्यान पहुंची, जहां झाडि़यों की ओट में छुपाए मासूम को दस्तयाब किया। फिर उसे परिजन को सौंप दिया गया। पुलिस ने अपहरण के मामले में मूलत: खारिया मीठापुर हाल हाईकोर्ट रोड के फुटपाथ पर रहने वाले कालूराम पुत्र तेजाराम बावरी को गिरफ्तार किया।
Published on:
06 Mar 2024 06:47 am
