
son of BJP dehat ziladhyaksh died
भाजपा देहात जिलाध्यक्ष भोपालसिंह बडला के पुत्र की मंगलवार सुबह एक निजी अस्पताल में मौत हो गई। हालांकि लोग इसे आत्महत्या मान रहे हैं। नाबालिग लड़का कुछ दिनों पहले जेडीए सर्किल के पास हुई लूट के मामले में आरोपी भी था। नाबालिग की मृत्यु के बाद परिजनों ने पुलिस को बिना सूचित किए पैतृक गांव में लड़के का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार भाजपा देहात जिलाध्यक्ष भोपालसिंह बड़ला के सत्रह वर्षीय नाबालिग बेटे यशपाल सिंह की बीती रात तबीयत खराब हो गई थी। इसके बाद उसे निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां सवेरे उसने दम तोड़ दिया। परिजनों ने इसके बाद सुबह अपने पैतृक गांव बड़ला में यशपाल का अंतिम संस्कार कर दिया।
मेंटली परेशान लड़के ने किया सुसाइड
जोधपुर के बनाड़ में रहने वाले भोपालसिंह का मूल गांव बड़ला है। लोगों का अंदेशा है कि यशपाल ने सुसाइड किया है। कुछ लोगों का कहना है कि वो बहुत नशा किया करता था, जिसके चलते ये हादसा होने की संभावना है। वहीं कुछ लोग ये भी कह रहे हैं लूट मामले में आरोपी नाबालिग लड़का मानसिक रूप से परेशान था। लूट मामले में यशपाल को रातानाडा थाना पुलिस ने संरक्षण में भी लिया था। हालांकि यशपाल और कैब ड्राईवर में बाद में समझौता हो गया था।
लूट मामले में था आरोपी
जेडीए ऑफिस के सामने 28 जून की सुबह यशपाल और उसके साथी ने मिलकर कैब टैक्सी चालक की गर्दन पर धारदार हथियार से वार कर कार टैक्सी लूट ली। दोनों खून से लथपथ चालक को जेडीए कार्यालय के सामने रेलवे अस्पताल के बाहर पटक कर भाग निकले। उसे गम्भीर हालत में मथुरादास माथुर अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने बताया कि खेजड़ली कला बुडिय़ों की ढाणी निवासी श्यामलाल पुत्र घेवरराम बिश्नोई की गर्दन पर धारदार हथियार से वार किए गए थे। हमलावर उसकी टैक्सी लेकर भाग निकले। श्यामलाल बुकिंग पूरी करने के बाद बुधवार सुबह 6.30 बजे जेडीए के सामने सड़क किनारे कार टैक्सी लेकर खड़ा था। वह कार में बैठा था। तभी पैदल ही यशपाल और उसका साथी चालक के पास आए और सड़क पर सुनसान होने के चलते चालक से झगड़ा करने लगे। उन्होंने श्याम को जबरन नीचे उतारने का प्रयास किया, लेकिन वो नहीं उतरा। तब यशपाल के साथी ने धारदार हथियार निकाला और श्याम की गर्दन पर वार कर किए। जिससे वह लहूलुहान हो गया और चिल्लाते हुए बाहर आया। उसे सड़क पर धक्का देने के बाद दोनों कार में बैठ कर भाग निकले। कुछ देर बाद आसपास के लोगों ने लहूलुहान श्याम को देखा तो पुलिस और एम्बुलेंस के लिए फोन किया। उसे एम्बुलेंस के माध्यम से मथुरादास माथुर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गम्भीर बताई गई। प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी व एसीपी पूजा यादव ने मौके पर पहुंच मामले की जानकारी ली। साथ ही पास में बैंक के बाहर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले।
पुलिस के अनुसार श्यामलाल ओला व उबेर कम्पनी में खुद की कैब चलाता है। भाई सागरमल की शिकायत पर जानलेवा हमला व लूट का मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल लुटेरों का पता नहीं लग पाया है।
गर्दन का हुआ ऑपरेशन
गर्दन में गंभीर वार के कारण चालक श्यामलाल काफी समय तक कुछ भी बोल पाने में असमर्थ था। चिकित्सकों ने उसकी गर्दन का ऑपरेशन भी किया। उसे आईसीयू में भर्ती किया गया था। डॉक्टरों ने श्यामलाल को 48 घंटे तक बोलने से मना किया था।
Published on:
03 Oct 2017 05:21 pm
बड़ी खबरें
View Allजोधपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
