
जोधपुर/पाली। पाली में ट्रांसपोर्ट नगर थानान्तर्गत इंदिरा कॉलोनी में प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक रात तीन बजे पड़ोस में रहने वाली नाबालिग से मिलने घर में घुस गया, लेकिन परिजन ने उसे पकड़ लिया और मारपीट कर दी। घर में चोर पकड़ने का बताकर पुलिस को सौंप दिया। जिसकी इलाज के दौरान शनिवार को जोधपुर के मथुरादास माथुर अस्पताल में मौत हो गई।
यह भी पढ़ें- सावधानः बिपरजॉय तूफान के दौरान भूलकर भी ना करें ये गलती, अब तक इतने लोगों को पकड़ चुकी है पुलिस
आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े परिजन मोर्चरी के बाहर धरने पर बैठे हैं। थानाधिकारी विक्रम सांदू ने बताया कि अजय (21) पुत्र राजेन्द्र कुमार सरगरा गुरुवार रात तीन बजे पड़ोसी में रहने वाली एक लड़की से मिलने के लिए उसके मकान में घुस गया था। हलचल होने से परिजन जाग गए और उन्होंने युवक को पकड़ लिया और घर में घुसने को लेकर मारपीट शुरू कर दी थी। जिससे वह गंभीर घायल हो गया था। फिर घरवालों ने घर में चोर घुसने का बताकर पुलिस को फोन किया। पुलिस मौके पर आई और घायल युवक को बांगड़ अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन हालत गंभीर होने पर उसे शुक्रवार को एमडीएम अस्पताल रैफर किया गया। इलाज के दौरान शनिवार को उसकी मौत हो गई। शव मोर्चरी में रखवा दिया गया।
पोस्टमार्टम व शव लेने से इनकार, परिजन धरने पर
वारदात का पता लगते ही परिजन व सरगरा समाज के लोग मोर्चरी के बाहर एकत्रित होना शुरू हो गए। पाली पुलिस भी वहां आई और रिपोर्ट दर्ज करवाने व पोस्टमार्टम की तैयारी शुरू की, लेकिन परिजन धरने पर बैठ गए। हत्या के सभी आरोपियों को गिरफ्तार होने के बाद ही पोस्टमार्टम करने व शव लेने पर अड़ गए। पुलिस ने देर शाम एक आरोपी को हिरासत में लिया। घर में घुसने से गुस्साए परिजन ने युवक से मारपीट के साथ ही उसकी बाइक को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस ने बाइक को कब्जे में लिया।
Published on:
18 Jun 2023 01:23 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
