
जोधपुर। शास्त्रीनगर थाना पुलिस ने सरस डेयरी के पास साइबर पार्क में मनोहर बिल्डिंग की चौथी मंजिल पर एक फ्लैट में संचालित कॉल सेंटर में दबिश देकर एक कंपनी के कॉल हैक कर रिफंड का झांसा देकर कनाडा और यूएसए के लोगों से साइबर ठगी करने वाले आठ आरोपयिों को गिरफ्तार 22 हेड फोन, लेपटॉप चार्जर, तीन राउटर केबल, तीन नेट कनेक्टर, कई मोबाइल, 30 माउस व 25 की-बोर्ड आदि जब्त किए हैं। गिरोह का सरगना फरार हो गया। थानाधिकारी जोगेन्द्रसिंह ने बताया कि कॉल सेंटर में दबिश दी, तब आठ युवक लेपटॉप के सामने बैठकर विदेशी भाषा में कनाडा व यूएसए के लोगों से बात कर रहे थे। जो गिफ्ट कार्ड के माध्यम से रिफंडड दिलाने का झांसा देकर डॉलर ऐंठने में जुटे हुए थे।
डाटा चुराकर विदेशी नम्बर पर कॉल से करते थे ठगी: कॉल सेंटर में आरोपी एनी डेस्क से डाटा चुराकर कनाडा व यूएसए के मोबाइल नम्बर हासिल करते थे। फिर विदेशी कम्पनी के सर्वर के माध्यम से उन नम्बर पर एसएमएस या वॉइस मैसेज करते थे। खुद को कंपनी का अधिकारी बताते थे। अंग्रेजी में संदेश लिखते कि उनके नाम से यह ऑर्डर गलत है, इसलिए उन्हें 349 का भुगतान करना होगा। अगर वे भुगतान नहीं करेंगे तो खाते से काट लिए जाएंगे।
भुगतान करने पर रिफण्ड होंगे। फिर यह कॉल मुख्य आरोपी पार्थ को फॉरवर्ड कर देते थे। जो वॉलमार्ट गिफ्ट कार्ड, एप्पल गिफ्ट कार्ड व सेफोरा गिफ्ट कार्ड के रूप में भुगतान लेता था। डॉलर में पैमेंट हासिल कर रुपए में कन्वर्ट कर ठगी कर लेता था। हवाला से ठगी की राशि हासिल करता था और बाकी साथियों को बांट देता था। अहमदाबाद में मणीनगर निवासी पार्थ पुत्र जयेश भट्ट के पकड़े जाने पर ही सामने आ पाएगा कि अब तक कितने लोगों से ठगी की गई है।
चार नगालैण्ड, दो अहमदाबाद व 1-1 मुम्बई व नैनीताल का निवासी
जांच व तलाशी के बाद साइबर ठगी करने की पुष्टि हुई। थानाधिकारी जोगेन्द्रसिंह की तरफ से डरा-धमकाकर वसूली, ठगी और आइटी एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया। अहमदाबाद निवासी नीकम मिलन (29) पुत्र विनोद राव व हर्ड अश्विन (27) पुत्र अश्विल उपाध्याय, नागालैण्ड निवासी इनाका वी सुमी (26) पुत्र बिस्टो, केहूतो बरनावास येपथोमी (22) पुत्र वितोसी, टोपेलो एयमी (24) पुत्र अकाई, वेदांग वापांग उर्फ (25) इमचन पुत्र व्हेटमजन उर्फ टेमजन, मुम्बई निवासी आस्टिन माइकल नाडार 36 पुत्र माइकर ऐंथनी और उत्तराखण्ड में नैनीताल निवासी विजय 29 पुत्र मदनराम राजपूत को गिरफ्तार किया गया। सरदारपुरा थानाधिकारी को जांच सौंपी गई है। आरोपियों को दो-दो दिन रिमांड पर लिया गया है।
Published on:
02 Jul 2023 12:12 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
