
जोधपुर . ग्रामीण पुलिस की सजगता से बुधवार को ऑनलाइन ठगी की वारदात विफल हो गई। समय पर पुलिस को सूचना देने से यह वारदात टल गई। ग्रामीण पुलिस अधीक्षक राजन दुष्यंत ने बताया कि बिलाड़ा इलाके के झाक गांव के फूलसिंह पुत्र गोरधन सिंह के पास बुधवार को फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को बैंक का कर्मचारी बताया। उसने एटीएम बंद होने की बात कहकर एटीएम के नंबर पूछ लिए। नंबर बताते ही उसके खते से 10300 रुपए निकाल लिए गए। उसने तुरंत बिलाड़ा थाने के एसआई सुनील ताड़ा को सूचना दी। सुनील ने जिला साइबर सेल के कांस्टेबल देवाराम विश्नोई के साथ मिलकर ऑनलाइन पेमेंट गेट वे के नोडल अधिकारी से बातचीत की तो पता चला कि नोएडा के किसी खाते में पैसा ट्रांसफर हुआ है। पुलिस ने तुरंत उस खाते को फ्रीज करवा दिया, जिससे आरोपी पैसा नहीं निकाल पाया।
सावधान रहें लोग
एसपी दुष्यंत ने कहा कि कोई भी बैंक अपने ग्राहकों से फोन करके खातों की जानकारी नहीं मांगता है। ऐसे में लोग सावधान रहें और किसी को भी जानकारी नहीं दें। ऐसी वारदात होने पर तुंरत पुलिस को सूचना दें।