
रेलवे कर्मचारियों की असुविधाओं को निस्तारण एक ऐप से, नहीं लगाने पड़ेगें कार्यालयों के चक्कर
जोधपुर. जोधपुर रेल मंडल पर रेलवे भवन, आवास, कार्यालय के रख-रखाव सेवा के लिए तथा इससे संबंधित शिकायतों को दर्ज कराने के लिए सोमवार को जोधपुर रेलवे भवन रख-रखाव एप की शुरुआत की गई। मंडल रेल प्रबंधक गौतम अरोरा ने मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय सभागार में जोधपुर आरबीएमएस एप की शुरुआत की। इस एप के जरिए रेलवे अधिकारी व कर्मचारी अपने कार्यालय, आवास तथा रेलवे भवन से संबंधित रख-रखाव, रोजमर्रा की समस्याओं आदि से संबंधित शिकायत ऑनलाइन दर्ज करा सकेंगे। इससे कर्मचारियों को व्यक्तिगत रूप से निर्माण निरीक्षक के कार्यालय जाकर शिकायत दर्ज कराने की आवश्यकता नहीं होगी। अरोरा ने कहा कि मंडल के सभी कार्यालय भवनों तथा आवासों के लिए भी इस सुविधा का विस्तार किए जाने की आवश्यकता है। एप से संबंधित जानकारी देते हुए वरिष्ठ मंडल इंजीनियर समन्वय एसएल मीना ने बताया कि इससे कर्मचारियों के आवास से संबंधित शिकायतों का शीघ्र निपटारा होगा तथा सुझावों के आधार पर इसमें और भी सुधार किए जाएंगे।
यह रहेगी प्रक्रिया
इस एप पर शिकायत दर्ज होने के बाद शिकायकर्ता को उसकी शिकायत दर्ज होने का क्रम व तिथि सहित मैसेज मिलेगा। शिकायत पर कार्यवाही के बाद शिकायत के निवारण से संबंधित सूचना भी मैसेज से मिलेगी। इसके अलावा, शिकायतकर्ता एप में दिए गए मोबाइल नम्बर पर भी शिकायत दर्ज कर सकेगा।
उत्तर पश्चिम रेलवे के सभी रनिंग रूम वातानुकूलित
जोधपुर. उत्तर पश्चिम रेलवे के सभी 18 रनिंग रूम को वातानुकूलित किया गया है। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी तरुण जैन के अनुसार रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधुपर मण्डल के जोधपुर, समदड़ी, मेड़ता रोड, बाड़मेर तथा जैसलमेर, अजमेर मण्डल पर आबूरोड, मारवाड़ जंक्शन, अजमेर तथा उदयपुर, बीकानेर मण्डल के बीकानेर, सूरतगढ़- श्रीगंगानगर, हिसार, भिवानी तथा चूरू, जयपुर मण्डल के जयपुर, फ ुलेरा तथा रेवाड़ी स्थित रनिंग रूम को वातानुकूलित किया गया है। जैन के अनुसार, जब कर्मचारी पर्याप्त आराम लेकर अपनी ड्यूटी पर जाता है, तो ड्यूटी के दौरान अपना शत प्रतिशत कार्य निष्पादन कुशलतापूर्वक करता है। कार्य के दौरान किसी प्रकार की लापरवाही की सम्भावना घट जाती है।
Published on:
12 Jun 2018 09:26 am
