2 नवंबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

दो दिन व दो पारियों में संचालित होगी कांस्टेबल भर्ती परीक्षा, रविवार शाम तक बंद रहेगी इंटरनेट सेवाएं

पूरे जिले में परीक्षा के लिए जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट क्षेत्र में ही परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

जोधपुर

•

image

Harshwardhan Singh Bhati

•

Updated: 14 Jul 2018, 9:53 AM IST

जोधपुर. राज्य में कांस्टेबल के 13 हजार 142 पदों के लिए भर्ती परीक्षा शनिवार से शुरू होगी। दो दिन में दो-दो पारियों में होने वाली परीक्षा के लिए जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट में बाईस केन्द्र बनाए गए हैं। सभी परीक्षा केन्द्र सीसीटीवी कैमरे की नजर में रहेंगे। परीक्षा के दौरान पूरे कमिश्नरेट क्षेत्र में इंटरनेट सेवा पूरी तरह बंद रहेगी। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) कैलाशसिंह सांदू ने बताया कि कांस्टेबल भर्ती परीक्षा शनिवार व रविवार को दो-दो पारियों में होगी। प्रथम पारी सुबह दस से दोपहर बारह बजे और दूसरी पारी दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक चलेगी। प्रत्येक अभ्यर्थी को निर्धारित समय से आधा घंटे पहले परीक्षा केन्द्र पहुंचना होगा। सुबह 9.30 बजे बाद और दूसरी पारी में दोपहर 2.30 बजे बाद आने वाले अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। प्रथम दिन दोनों पारियों में करीब बीस हजार अभ्यर्थी शामिल होने की उम्मीद है। अभ्यर्थी को पेन के अलावा किसी भी प्रकार की सामग्री साथ लाने की इजाजत नहीं होगी। केन्द्र के बाहर ही जांच के बाद प्रवेश दिया जाएगा।

नकल गिरोह से बचने को प्रत्येक सेंटर 'नजरबंद'


पूरे जिले में परीक्षा के लिए जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट क्षेत्र में ही परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। कमिश्नरेट के पूर्वी जिले में 14 और पश्चिमी जिले में 8 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। प्रत्येक केन्द्र में सीसीटीवी कैमरे होंगे। इसके अलावा प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर कम से कम दस पुलिस अधिकारी व जवान तैनात रहेंगे।

दो दिन सुबह छह से शाम पांच बजे तक इंटरनेट बंद

नकल गिरोह के मंसूबों पर पानी फेरने के लिए पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय व यातायात) के आग्रह पर संभागीय आयुक्त ने जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट क्षेत्र में शनिवार व रविवार को सुबह छह से शाम पांच बजे 2-जी, 3-जी व 4-जी इंटरनेट सेवा को पूरी तरह बंद रखने का आदेश दिया है। परीक्षा समाप्ति के बाद से इंटरनेट सेवाएं सुचारू कर दी जाएगी।

संभाग में आठ जगह भी बंद रहेगी इंटरनेट सेवा

संभागीय आयुक्त के आदेश पर जैसलमेर नगर परिषद व दस किमी अतिरिक्त, बाड़मेर नगर परिषद व अतिरिक्त दस किमी, जालोर नगर परिषद व अतिरिक्त पांच किमी, पाली नगर परिषद व अतिरिक्त दस किमी, जैतारण नगर पालिका व अतिरिक्त दस किमी, सोजत नगर पालिका व अतिरिक्त दस किमी, आबूरोड नगर पालिका व अतिरिक्त दस किमी और स्वरूपगंज नगर पालिका व अतिरिक्त दस किमी क्षेत्र में शुक्रवार शाम पांच बजे से रविवार शाम छह बजे तक सभी इंटरनेट सेवा बंद रहेगी।